Lucknow Fire : अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड में अबतक 15 की मौत, कार्यक्रम रद कर लखनऊ लौटे CM योगी, भावुक हुए डिप्टी सीएम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया स्थित एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की वजह से 15 लोगों की मौत की खबर है। वहीं इस घटना पर सीएम योगी ने गहरा दुख जताते हुए वे अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर राजधानी लखनऊ लौट रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सीएम योगी पहले घटनास्थल पर जाएंगे इसके वे वहां से केजीएमयू जाएंगे जहां से पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। जबकि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर मौजूद हैं। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन विभाग को दोपहर करीब तीन बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक कोचिंग संस्थान की इमारत में आग लगने की सूचना मिली। 

अलीगढ़ दौरा अलीगढ़ से लखनऊ लौटे सीएम योगी

अलीगढ़ में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- लखनऊ में आग लगने की घटना में कुछ बच्चे फंस गए थे, जिससे उनकी दुखद मौत हो गई। प्रशासन राहत कार्यों में लगा हुआ है, लेकिन इस दुखद घटना के कारण मुझे तुरंत लखनऊ लौटना पड़ रहा है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। सीएम योगी ने अलीगढ़ में बताया कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) मौके पर जाकर घटना की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।

15 लोगों की मौत, KJMU के जनसम्पर्क अधिकारी ने की पुष्टि

किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KJMU) के जनसम्पर्क अधिकारी के.के. सिंह ने बताया कि लखनऊ के अलीगंज स्थित तीन मंजिला इमारत में आग लगने से 15 लोगों की मौत हुई है।

एनिमेशन सेंटर में कार्टून बनाना सीखने आते थे बच्चे- ब्रजेश पाठक

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि जिस कोचिंग में आग लगी, वह एक एनिमेशन सेंटर था। यहांं बच्चे कार्टून बनाना सीखने आते थे। घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है। उनकी उम्र लगभग 16-17 साल थी। घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं।

मीडिया से बात करते हुए भावुक हुए ब्रजेश पाठक

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना स्थल पर मौजूद हैं। वह मीडिया से बात करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों को रेस्क्यू किया गया है, उन सभी को अस्पताल भेज दिया गया है। यह एक बड़ी घटना है। अंदर धुआं भरा है। हर चीज़ को हटाकर चेक किया जा रहा है और हर कमरे की तलाशी ली जा रही है; अंदर लकड़ी का बहुत सारा फ़र्नीचर था और उससे निकलने वाले धुएं के कारण कुछ भी साफ़ दिखाई नहीं दे रहा है। फ़ायर ब्रिगेड के लोग अंदर हैं। NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं।

पीएम मोदी ने दुख जताया

लखनऊ में इस हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। PMO की तरफ से X पर एक पोस्ट में कहा गया- उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये की मदद की जाएगी।

संबंधित समाचार