Lucknow Fire Tragedy : भयानक हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख, मायावती बोलीं- 'घटना अत्यंत हृदय विदारक'
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में संचालित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में कम से कम 15 छात्रों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस भयानक हादसे की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुःख जताते हुए लिखा, 'लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।'
https://twitter.com/rashtrapatibhvn/status/2069039467864981943
वही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व बसपा प्रमुख मायावती ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना
लखनऊ से सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ के अलीगंज में हुआ यह अग्निकांड अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने ट्वीट (एक्स) के माध्यम से दुख जताते हुए कहा कि इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। रक्षा मंत्री ने स्थानीय प्रशासन से बात कर राहत और बचाव कार्य की जानकारी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मायावती ने घटना को बताया अत्यंत दुखद और हृदय विदारक
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग के कारण कई छात्रों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है।
https://twitter.com/Mayawati/status/2069032983378686116?s=20
उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही, बसपा प्रमुख ने सरकार से मांग की है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएम धामी ने ट्वीट कर जताया दुख, घायलों के लिए की प्रार्थना
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से लखनऊ हादसे पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में अग्निकांड के कारण कई विद्यार्थियों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।
https://twitter.com/pushkardhami/status/2069030531527061782?s=20
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय और अपार कष्ट को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इसके साथ ही सीएम धामी ने हादसे में झुलसे और घायल हुए सभी छात्रों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।
प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
बचाव टीम ने आग लगने के दौरान प्रभावित इमारत तक पहुंचने के लिए बगल की इमारत में दो बड़े छेद किए थे। प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और लखनऊ पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सेंगर समेत वरिष्ठ अधिकारी बचाव अभियान की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवानों को भी तैनात किया गया। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटना की जानकारी मिलते ही अलीगढ़ का दौरा बीच में ही छोड़कर राज्य की राजधानी लौट आए हैं।
राहुल गांधी और खरगे ने लखनऊ अग्निकांड जताया दुख
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लखनऊ के एक कोचिंग सेटर में आग लगने के कारण कई छात्रों की मौत पर सोमवार को दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने की दुखद घटना में कई लोगों की जान चली गई है, जो बेहद पीड़ादायक व हृदयविदारक है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कांग्रेस पार्टी सभी शोकसंतप्त परिवारों व घायलों के साथ है। मैं दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पीड़ितों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा व राहत प्रदान की जानी चाहिए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।'' उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को तीन मंजिला एक व्यावसायिक भवन में आग लगने से कम से कम 12 छात्रों की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें :
Lucknow Fire Tragedy : अलीगढ़ दौरा छोड़ लौटे सीएम योगी, पीएम मोदी ने जताया दुःख; 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान
पापा मुझे बचा लो...लखनऊ कोचिंग सेंटर आग की डरावनी कहानी, 14 दमकल गाड़ियां, आग की लपटें और जान बचाने की जद्दोजहद
