पापा मुझे बचा लो...लखनऊ कोचिंग सेंटर आग की डरावनी कहानी, 14 दमकल गाड़ियां, आग की लपटें और जान बचाने की जद्दोजहद
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर तीन मंजिला एक वाणिज्यिक इमारत में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने बचाव और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में संचालित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग के बाद बेहद झकझोर देने वाली और डरावनी कहानियां सामने आ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे के दौरान वहां चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों के इमारत में फंसे होने की आशंका थी। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन विभाग को अपराह्न करीब तीन बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक कोचिंग संस्थान की इमारत में आग लगने की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद कई लोग इमारत से बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि कुछ अन्य लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही थी।
ताला बंद होने के कारण फंसे रहे मासूम बच्चे
घटनास्थल पर मौजूद एक स्थानीय महिला ने न्यूज़ चैनल से बात करते हुए एक चौंकाने वाला दावा किया है। महिला के मुताबिक, "कोचिंग सेंटर में झाड़ू-पोछा करने वाली महिलाओं ने बताया कि ऊपरी मंजिल पर कोचिंग का ताला बंद था। इसी वजह से अंदर मौजूद छात्र समय रहते बाहर नहीं निकल पाए और वहीं फंसकर रह गए।" बाहर आए कुछ छात्रों के अनुसार, ऊपरी मंजिलों पर अभी भी करीब 20 से 30 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
जान बचाने के लिए झज्जे से कूदे छात्र
आग की लपटें और धुंआ इतना विकराल था कि कई छात्रों के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपनी जान बचाने की हताशा में सात से आठ बच्चे कोचिंग की इमारत के झज्जे (रेलिंग) से नीचे कूद गए। सोशल मीडिया पर भी कुछ ऐसे वीडियो प्रसारित हो रहे हैं जिनमें युवाओं को आग के बीच खिड़कियों और रेलिंग के सहारे नीचे गिरते और कूदते देखा जा सकता है, जिन्हें नीचे खड़े लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
"पापा! मुझे बचा लो..." – अपनों की तलाश में रोते-बिलखते परिजन
हादसे की खबर मिलते ही कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों के परिजनों का तांता लग गया। चारों तरफ रोते-बिलखते माता-पिता अपने बच्चों की एक झलक पाने को बेताब दिखे। मौके पर पहुंचे एक बेबस पिता ने रोते हुए बताया, "मेरे बेटे का कोचिंग के अंदर से फोन आया था। वह रोते हुए चिल्ला रहा था— पापा, यहाँ आग लग गई है, मुझे बचा लो!" इस फोन कॉल के बाद से ही परिजन अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर गहरे सदमे और चिंता में हैं। बताते चलें यह दावा अमृत विचार नहीं करता है प्रत्यक्ष दर्शियों के समय वहां मौजूद लोगों का ऐसा कहना है.
घटनास्थल से सामले आई तस्वीरों में अग्निशमन कर्मी सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर सीढ़ियों की मदद से बाहर से इमारत पर चढ़ते नजर आ रहे हैं। बता दें कि आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक सीढ़ी से लैस वाहन सहित 14 दमकल वाहन मौके पर भेजे गए हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक युवक को रेलिंग के पास आग की लपटों के बीच बिल्डिंग की पहली मंज़िल से गिरते हुए देखा गया। बाहर मौजूद लोगों को उसे तुरंत उस जगह से दूर ले जाते हुए देखा गया। हालांकि, इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही युवक के बारे में कोई जानकारी मिल पाई है।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, ''जब मैं घटनास्थल पर पहुंचा, तो मैंने देखा कि इमारत से धुआं निकल रहा था। कुछ छात्रों को पहले ही बचा लिया गया था और 4-5 छात्र खुद इमारत से बाहर निकलने में कामयाब रहे।'' एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया,''हो सकता है कि आग किसी चिंगारी से लगी हो। अपनी जान बचाने के लिए सात-आठ छात्र इमारत से कूद गए। हालांकि, अब भी करीब 20 से 25 छात्रों के अंदर फंसे होने की आशंका है।'' अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने की कोशिश की रही है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
