Lucknow Fire Tragedy : अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड में 15 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से झुलसे, शव देख रो पड़े ब्रजेश पाठक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज (पुरनिया) क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक व्यावसायिक इमारत में स्थित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग अब एक भयावह त्रासदी का रूप लेती जा रही है। सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने अब तक मलबे और धुएं के गुबार के बीच से करीब कई शवों को बाहर निकाला गया है। हालांकि ब्रजेश पाठक ने मीडिया से बात करते हुए 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है। इस दौरान डिप्टी सीएम का लगा भर आया।
इमारत के भीतर धुआं और लपटें इतनी भीषण थी कि कई छात्र-छात्राओं के जिंदा जलने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। प्रशासनिक गलियारों और अस्पताल सूत्रों के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों की कुल संख्या 10 से भी अधिक हो सकती है। वहीं घायलों को इलाज के लिए King George's Medical University (KJMU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
राहत और बचाव दल ने मौके से अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और घटना की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
प्रभावित परिवारों से संपर्क करें : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित परिवारों से संपर्क करें, हर संभव मदद दें और घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करें।
रो पड़े ब्रजेश पाठक- मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखा है
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आग अचानक लगी, यह एक एनिमेशन सेंटर था। बच्चे यहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना, सीखने आते थे। घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है। उनकी उम्र लगभग 16-17 साल थी। घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखा है।
सीएम योगी ने रद किए अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और वे अलीगढ़ से वापस आ रहे हैं। आज सीएम योगी आलीगढ़ दौरे पर पहुंचे थे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य जारी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें शॉर्ट सर्किट की संभावना भी सामने आ रही है, लेकिन पुष्टि अभी बाकी है।
दम घुटने से बिगड़े हालात, रेस्क्यू जारी
राहत और बचाव दल गैस मास्क और आधुनिक उपकरणों की मदद से इमारत के अंदर कमरों और लाइब्रेरी ब्लॉक में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि छात्रों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। कुछ लोगों के अनुसार, इमारत की छत पर जाने वाला रास्ता बंद था, जिससे छात्र ऊपर नहीं भाग सके और नीचे फैलते जहरीले काले धुएं की चपेट में आ गए। दमकल विभाग की 14 से अधिक गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से बचाव कार्य जारी है। प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।
ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डिप्टी सीएम, DGP और ACS होम
घटना की संवेदनशीलता और भयावहता को देखते हुए उत्तर प्रदेश शासन के शीर्ष अधिकारी और राजनेता तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण और ACS होम संजय प्रसाद समेत कई शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में राहत और बचाव कार्यों की सीधे मॉनिटरिंग की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे प्रशासनिक अमले को अलर्ट पर रखा गया है और केजीएमयू ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों की विशेष टीमें घायलों के इलाज में जुटी हैं।
छज्जे से कूदे लोग, दीवार काटकर घुसी फायर ब्रिगेड
आग और धुएं का तांडव इतना भयानक था कि बिल्डिंग के भीतर फंसे छात्रों और अन्य लोगों को नीचे उतरने का रास्ता नहीं मिला। दम घुटने और जलने के डर से कई लोग अपनी जान बचाने के लिए सीधे बिल्डिंग के छज्जे से नीचे कूद पड़े। इसी बीच, अंदर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जांबाज दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाई और बिल्डिंग की पक्की दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और कई लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
यह भी पढ़ें ; लखनऊ के अलीगंज में बड़ा हादसा : कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग, जान बचाने को बिल्डिंग से कूदे छात्र; कई झुलसे
उत्तर प्रदेश में लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। कई छात्र घायल हो गए हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि जान बचाने के लिए कई छात्र दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए। आशंका जताई जा रही है कि कोचिंग के अंदर अब भी कुछ बच्चे फंसे हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बचाव का कोई रास्ता नहीं बचा था। सूचना के करीब आधे घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकी थीं।
