युवाओं को बड़ी सौगात : PM मोदी ने ट्रांसफर किए 2400 करोड़, कहा- दुनिया भारत के लिए खोल रही दरवाजे, मौका न गवाएं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की और युवाओं को सशक्त बनाने तथा देशभर में रोजगार सृजन को गति देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी।

पीएम मोदी ने इस रोजगार योजना से जुड़े लाभार्थियों, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को सशक्त बनाने तथा देशभर में रोजगार बढाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सरकार की प्रमुख रोजगार-संबद्ध प्रोत्साहन योजना के क्रियान्वयन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा कवरेज का विस्तार करती है।

इस प्रोत्साहन ने देशभर में 15 लाख रोजगार अवसरों के सृजन में सहायता की है। फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा से सुबह लौटने के बाद प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कहा कि देश के युवाओं को उनकी प्रतिभा, कौशल और क्षमता के लिए वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि विश्व भारतीय युवाओं की क्षमताओं को लगातार स्वीकार कर रहा है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक युवा अपनी क्षमता को सफलता में बदल सके।

मोदी ने कहा, "प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केवल एक रोजगार योजना नहीं है। यह युवाओं की पहली नौकरी से जुड़ी आकांक्षाओं को सशक्त बनाने तथा उद्योग और कार्यबल के बीच एक मजबूत सेतु तैयार करने की पहल है।" उन्होंने कहा कि जहाँ अधिकांश योजनाएँ या तो कर्मचारियों या नियोक्ताओं पर केंद्रित होती हैं, वहीं यह कार्यक्रम दोनों को समान रूप से सहयोग प्रदान करता है। सरकार अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत करने वाले युवाओं के साथ खड़ी है और नये रोजगार अवसर सृजित करने वाले संस्थानों को प्रोत्साहित करती है। 

संबंधित समाचार