Barabanki News : कोर्ट मैरिज कर धर्म परिवर्तन का प्रयास, वकीलों ने युवक को धुना
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में लव जिहाद और धर्म परिवर्तन के प्रयास का मामला सामने आया है। हिन्दू लड़की को लेकर कोर्ट मैरिज करने कचहरी पहुंचे युवक को वकीलों ने धुन दिया। यहां से दोनों को रामनगर थाना पुलिस साथ ले गई। जहां विहिप कार्यकर्ता जुट गए। देर शाम युवती के परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटनाक्रम रामनगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। कस्बे में सब्जी विक्रेता आलम नामक युवक निकट ही रहने वाली युवती को लेकर गुपचुप जिला कचहरी पहुंच गया। यहां पर कोर्ट मैरिज की कोशिश चल ही रही थी कि कुछ वकीलों की नजर आधार कार्ड पर पड़ी तो मामला दो अलग समुदायों का सामने आया। इसे लेकर आक्रोशित लोगों ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर युवक व युवती को वहां से अलग किया। जानकारी पाते ही पहुंची रामनगर थाना पुलिस युवक का इलाज कराकर साथ ले गई। इसी बीच विहिप जिला मंत्री राहुल वर्मा अपने साथियों के साथ थाना परिसर पहुंचे। युवती का भाई भी विहिप से जुड़ा बताया जा रहा।
आरोप यह कि युवक पीड़ित युवती से शादी कर उसका धर्म परिवर्तन कराने की फिराक में था, वहीं यह सीधे लव जिहाद का मामला है। देर शाम युवती के परिजनों की ओर से धर्म परिवर्तन व लव जिहाद से जुड़ी तहरीर दी गई। इस मामले में जिला मंत्री राहुल वर्मा का कहना है कि आरोपी युवक युवती से शादी कर धर्म बदलने की फिराक में था।
समय रहते लव जिहाद के इस मामले की जानकारी हो गई। थानाध्यक्ष रामनगर अरूण कुमार सिंह का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में है। दो विभिन्न समुदायों से जुड़ा मामला है। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसी अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
