Kanpur News : पनकी पड़ाव पर 305 करोड़ की लागत से बनेगा फोरलेन आरओबी, जाम से मिलेगी राहत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

क्रासिंग पर लगने वाले जाम से बचने के लिए वाहन सवारों को तीन से पांच किमी दूरी तय करनी पड़ती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद पनकी पड़ाव रेलवे क्रासिंग पर फोरलेन पुल का निर्माण करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव 2026-27 की कार्य योजना में शामिल करके फाइल इसी माह शासन की वित्तीय समिति के सामने पेश करने की तैयारी कर ली है।

कानपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद पनकी पड़ाव रेलवे क्रासिंग पर फोरलेन पुल का निर्माण करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव 2026-27 की कार्य योजना में शामिल करके फाइल इसी माह शासन की वित्तीय समिति के सामने पेश करने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री ने इस रेलवे ओवरब्रिज के लिए तत्काल धन उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया है। इस रेलवे ओवरब्रिज की कुल लंबाई 1.20 किमी होगी, जिसका निर्माण 305 करोड़ रुपये से किया जाएगा।

पनकी पड़ाव रेलवे क्रासिंग का निर्माण वाई आकार में होगा। सेतु निगम इस पुल की डीपीआर का प्रारंभिक आकलन कर चुका है। देश के व्यस्तम रेल रूट दिल्ली-हावड़ा पर स्थित पनकी पड़ाव क्रासिंग से हर 15 से 20 मिनट में ट्रेन गुजरती है। इस कारण क्रासिंग के दोनों ओर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार जाम में फंसने के कारण लोगों को क्रासिंग खुलने का पौन से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। इसके चलते गर्मी और बारिश के मौसम में दोपहिया वाहन सवारों को भारी परेशानी होती है।

इस पुल की चौड़ाई 20 मीटर होगी। पुल पर वाहन सवार गंगागंज पनकी की ओर से चढ़कर भौती बाईपास तथा अर्मापुर की ओर आसानी से आ और जा सकेंगे। इसके साथ ही भौती, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, झांसी, हमीरपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को पनकी के गंगागंज, पड़ाव, कल्याणपुर की तरफ पहुंचना आसान होगा। अभी क्रासिंग पर लगने वाले जाम से बचने के लिए वाहनों को तीन से पांच किमी की दूरी तय करके भाटिया तिराहे से पनकी धाम रोड या नहरिया रोड होकर जाना पड़ता है।,

संबंधित समाचार