ऊर्जा मंत्री और पावर कॉर्पोरेशन के टकराव पर कांग्रेस हमलावर, अजय राय ने पीएम से की बड़ी मांग
प्रदेश कांग्रेस ने विद्युत व्यवस्था, फ्यूल सरचार्ज और भर्ती मामलों की उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग
लखनऊ, अमृत विचार। उप्र. कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर प्रदेश की बिगड़ती विद्युत व्यवस्था, ऊर्जा विभाग में प्रशासनिक टकराव तथा जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के मुद्दे पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री द्वारा अपने ही विभाग और पावर कॉर्पोरेशन पर लगाए गए गंभीर आरोप शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने शुक्रवार को पत्र में लिखा कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार खराब हो रही है और सरकार के भीतर ऊर्जा मंत्री तथा पावर कॉर्पोरेशन के बीच असाधारण टकराव का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि यदि विभागीय निर्णय ऊर्जा मंत्री की जानकारी के बिना लिए जा रहे हैं तो यह प्रशासनिक व्यवस्था की गंभीर विफलता है।
अजय राय ने मुख्यमंत्री की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ऊर्जा मंत्री के आरोप सही हैं तो अब तक क्या कार्रवाई की गई और यदि आरोप निराधार हैं तो उन्हें पद पर बनाए रखने का औचित्य क्या है। उन्होंने प्रदेश की विद्युत व्यवस्था, 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज, भर्ती एवं छंटनी प्रक्रियाओं, नियामक आयोग के निर्देशों की अवहेलना तथा आरक्षण संबंधी नियमों के कथित उल्लंघनों की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
ये भी पढ़ें :
यूपी में में 1.5 लाख युवाओं को मिलेगी फाइनेंशियल स्किल्स की ट्रेनिंग, एनएसई से हुआ करार
