1994 के मुकाबले 2026 में आसमान छू रही FIFA World Cup टिकटों की कीमत, फाइनल के लिए टिकट खरीदना नहीं होगा आसान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ: समय बदलने के साथ-साथ खेलों की दुनिया किस कदर कमर्शियल हो चुकी है, इसका एक हैरान करने वाला उदाहरण हाल ही में सामने आया है। साल 1994 में अमेरिका में आयोजित हुए फीफा वर्ल्ड कप की कुछ पुरानी और धूल खाई टिकटों का एक बंडल मिला है। यह बंडल इस बात का सीधा सबूत है कि पिछले तीन दशकों में फुटबॉल का लाइव रोमांच देखने की कीमत किस कदर बेतहाशा बढ़ चुकी है।

MUSKAN DIXIT (7)

आज से 32 साल पहले (1994) फैंस दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों का मुकाबला महज 45 डॉलर (लगभग ₹4,200) में स्टेडियम में बैठकर देख सकते थे। लेकिन आज, यानी साल 2026 में स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। 

MUSKAN DIXIT - FIFA World Cup

रिपोर्ट्स के अनुसार, 2026 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले की सबसे महंगी प्रीमियम टिकट की कीमत होश उड़ाने वाली 32,970 डॉलर (करीब 31.3 लाख) तक पहुंच गई है।

जब कौड़ियों के भाव मिलती थीं टिकटें और पार्किंग

हाल ही में मिले 1994 वर्ल्ड कप के विंटेज टिकटों में से एक टिकट 21 जून 1994 को शिकागो के सोल्जर फील्ड में खेले गए जर्मनी बनाम स्पेन मैच की है। इसकी कीमत तब सिर्फ 45 डॉलर थी।

महंगाई के इस दौर में चौंकाने वाली बात यह भी है कि उस समय स्टेडियम के बाहर कार पार्क करने के लिए फैंस को सिर्फ 10 डॉलर (लगभग ₹950) देने पड़ते थे, जिसके लिए आज 50 डॉलर से 60 डॉलर (₹4,700 से ₹5,700) तक वसूल जा रहे हैं। अगर आज की महंगाई दर (Inflation) को भी जोड़ लिया जाए, तो 1994 में मैच देखने और पार्किंग का कुल 55 डॉलर का खर्च, आज के हिसाब से महज 104 डॉलर (करीब ₹9,800) बैठता है।

MUSKAN DIXIT - FIFA World Cup

'डायनेमिक प्राइसिंग' ने तोड़ी आम फैंस की कमर

जैसे-जैसे 11 जून से शुरू होने वाले इस महाकुंभ की तारीख नजदीक आ रही है, रीसेल मार्केट में टिकटों के दाम लगातार कुलांचे मार रहे हैं। 'बिजनेस इनसाइडर' की एक रिपोर्ट के मुताबिक सबसे सस्ती टिकटों की शुरुआत ही 170 डॉलर से 220 डॉलर (करीब ₹16,000 से ₹21,000) से हो रही है।

बड़ी और हाई प्रोफाइल टीमों के बीच होने वाले मैचों की टिकटें 1,000 डॉलर (₹95,000 से ज्यादा) के पार बिक रही हैं।

MUSKAN DIXIT (10)

क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

इसकी सबसे बड़ी वजह फीफा का 'डायनेमिक प्राइसिंग मॉडल' है। इस सिस्टम के तहत मांग बढ़ते ही टिकटों की कीमतें आसमान छूने लगती हैं, जिसका आम फुटबॉल फैंस जमकर विरोध कर रहे हैं।

फीफा ने फाइनल मैच की सबसे आगे वाली प्रीमियम सीट की कीमत सीधे 32,970 डॉलर (₹31.3 लाख) तय कर दी है। हैरान करने वाली बात यह है कि इसी सीट को पिछले साल अक्टूबर में 6,370 डॉलर और इस साल अप्रैल में 10,990 डॉलर पर लिस्ट किया गया था।

MUSKAN DIXIT (12)

इसे ऐसे समझें कि एक औसत अमेरिकी कर्मचारी प्रति सप्ताह लगभग 1,235 डॉलर कमाता है। यानी फाइनल की सिर्फ एक प्रीमियम टिकट खरीदने के लिए उसे अपनी 27 हफ्तों (करीब 6 महीने) की पूरी कमाई दांव पर लगानी होगी।

इतिहास का सबसे बड़ा लेकिन सबसे महंगा टूर्नामेंट

साल 2026 का यह वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा टूर्नामेंट होने जा रहा है, क्योंकि इस बार 32 के बजाय रिकॉर्ड 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

- कुल मैच: 104 मुकाबला
- मेजबान देश: अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको (कुल 16 शहर)
- ग्रैंड फिनाले: 19 जुलाई 2026, मेटलाइफ स्टेडियम (न्यू जर्सी)

MUSKAN DIXIT (11)

'अमेरिकन होटल एंड लॉजिंग एसोसिएशन' की रिपोर्ट के अनुसार, यह मेगा-टूर्नामेंट ऐसे समय पर हो रहा है जब फैंस पहले से ही महंगे हवाई किराए, जिद्दी महंगाई और होटलों की भारी कीमतों से त्रस्त हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और तेल की बढ़ती कीमतों के कारण हवाई सफर पहले ही बजट से बाहर है, ऊपर से तीन अलग-अलग देशों में यात्रा करने की मजबूरी फैंस की जेब को पूरी तरह खाली कर देगी।

संबंधित समाचार