आज ही के दिन कोर्ट ने रगड़ा था... ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

इलाहाबाद हाईकोर्ट के 2013 के फैसले का जिक्र कर सपा को घेरा, मंत्री ने आतंकवाद के आरोपियों पर मुकदमे वापसी के मुद्दे को उठाया

लखनऊ, अमृत विचार। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने 2013 की एक न्यायिक टिप्पणी का हवाला देते हुए सपा सरकार के फैसलों पर सवाल उठाए और कहा कि आज ही के दिन कोर्ट ने आपकी सरकार को रगड़ा था। राजभर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि "सपा का गढ़, आतंकवाद की जड़"।

उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए तंज भरे अंदाज में कहा कि उम्मीद है वह हमेशा की तरह "बेखबर, मस्त और बिना काम के व्यस्त" होंगे। इसके साथ ही उन्होंने 6 जून 2013 की एक खबर का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए सपा शासनकाल के दौरान आतंकवाद के आरोपियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के निर्णय को मुद्दा बनाया।

राजभर ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उस समय सरकार से जवाब तलब किया था और आरोपियों की सूची मांगी थी। उन्होंने दावा किया कि उस फैसले को याद करने पर सपा सरकार के "पाप" सामने आ जाएंगे। साथ ही उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि 2027 में चुनावी हार का ठीकरा फिर ईवीएम या अन्य व्यवस्थाओं पर नहीं फोड़ा जा सकेगा।

उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिन नेताओं के लिए वे राजनीतिक संघर्ष कर रहे हैं, उन्हें पहले यह समझना चाहिए कि उनके शासनकाल में कौन-कौन से फैसले विवादों में रहे थे। राजभर ने कहा कि प्रदेश की जनता अब पुराने दौर और वर्तमान व्यवस्था के अंतर को अच्छी तरह समझ चुकी है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज