हमीरपुर में मामूली विवाद बना खूनी खेल : पारिवारिक नाती ने की 80 वर्षीय वृद्धा की कुल्हाड़ी से हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

हमीरपुर के राठ क्षेत्र के मवई गांव में मामूली विवाद के दौरान 80 वर्षीय शोभारानी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी, जो मृतका का पारिवारिक नाती बताया जा रहा है, को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

राठ (हमीरपुर), अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव में रविवार दोपहर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी युवक ने कथित तौर पर 80 वर्षीय वृद्धा के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विवाद के दौरान वृद्धा पर किया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे मवई गांव निवासी रामधीन लोधी का पुत्र बहादुर घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोसी गजेंद्र पुत्र मदन पाल कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और बहादुर से कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी बीच बहादुर की 80 वर्षीय मां शोभारानी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। आरोप है कि गुस्से में आए गजेंद्र ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही राठ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गजेंद्र को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर सीओ राजीव प्रताप सिंह, कोतवाल अनूप कुमार और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हमीरपुर से पहुंची फिंगर प्रिंट टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

आरोपी पारिवारिक नाती, मानसिक स्थिति की भी जांच

सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी गजेंद्र मृतका शोभारानी का पारिवारिक नाती है। उन्होंने बताया कि आरोपी का व्यवहार असामान्य (सनकी) बताया जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार