Amethi News: टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, 35 लाख का सामान जलकर राख

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जगदीशपुर के महमदपुर कस्बे में सोमवार सुबह हिंद टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, पुलिस और संबंधित विभाग जांच में जुटे।

जगदीशपुर (अमेठी)। अमेठी जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित महमदपुर कस्बे में सोमवार सुबह हिंद टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा टेंट और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में करीब 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने गोदाम से धुआं और ऊंची लपटें उठती देखीं। उन्होंने तत्काल टेंट हाउस के मालिक को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मालिक मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।

टेंट व्यवसायी माशूक ने बताया कि इस आग से करीब 35 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

पुलिस और संबंधित विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है। आग किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ेंः UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने 182 PCS अधिकारियों का किया तबादला, कई जिलों के SDM बदले

संबंधित समाचार