Amethi News: अर्धनग्न हालत में कार से मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; दोस्त हिरासत में

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रामगंज के कुरंग गांव के पास पलटी कार से मिला 27 वर्षीय युवक का शव, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कर रही जांच

अमेठी, अमृत विचार। अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगंज थाना क्षेत्र के कुरंग गांव के पास मंगलवार तड़के एक पलटी कार से 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक अर्धनग्न अवस्था में मिला, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए घटना को सड़क हादसे का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के माधोपुर चिलबिला निवासी प्रतीक दुबे (27) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रतीक सोमवार रात करीब 11:15 बजे सुल्तानपुर के सौरमऊ स्थित अपने ननिहाल से दोस्त के बुलाने पर कार लेकर निकला था।

बताया गया कि देर रात करीब एक बजे रामगंज थाना क्षेत्र के कुरंग गांव के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आरा मशीन पर रखी लकड़ी की लाट से टकरा गई और पलट गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे प्रतीक दुबे तथा उसके साथ मौजूद अनुराग पाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्रतीक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनुराग पाल को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसे के समय प्रतीक के शरीर पर केवल अंडरवियर था, जिससे उन्हें घटना संदिग्ध लग रही है। उनका कहना है कि पहले हत्या की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए अनुराग पाल से पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ेंः Kannauj Encounter: सौरिख में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक घायल; 9 आरोपी और एक दर्जन से अधिक चोरी की बाइक बरामद

यह भी पढ़ेंः Bahraich Encounter: 25 हजार के इनामी गौ तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

संबंधित समाचार