Barabanki News: रेलवे ट्रैक किनारे मिला क्षत-विक्षत शव, पहचान न होने से बढ़ा रहस्य; जांच में जुटी GRP
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार: रामनगर क्षेत्र स्थित सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन के निकट मंगलवार को रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात अधेड़ का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी बुढ़वल की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी।
जीआरपी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के किनारे लगभग 55 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। जीआरपी बुढ़वल ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो निकटतम जीआरपी थाना अथवा जीआरपी बुढ़वल को तत्काल सूचना दें, ताकि मृतक की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जा सके।
