Barabanki Road Accident: स्कूल जा रहे 8वीं के छात्र को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मालगोदाम रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; ट्रक छोड़कर फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बाराबंकी, अमृत विचार: बाराबंकी में नगर कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे कक्षा 8 के छात्र की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान यशवर्धन तिवारी (14) पुत्र सी. तिवारी निवासी ओम नगर, बंकी के रूप में हुई है। वह किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज में कक्षा 8 का छात्र था। मंगलवार सुबह वह अपने साथी चंदन कुशवाहा के साथ साइकिल से स्कूल जा रहा था। बताया गया कि यश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
1.png)
प्रत्यक्षदर्शियों और उसके साथी चंदन कुशवाहा के अनुसार, यश आगे साइकिल चला रहा था जबकि चंदन उसके पीछे था। जैसे ही दोनों मालगोदाम रोड पर पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक संख्या UP78DT6388 ने यश को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और लोगों में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
2.png)
हादसे की सूचना किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज पहुंचते ही विद्यालय परिसर में भी शोक की लहर दौड़ गई। विद्यालय प्रशासन ने छात्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मंगलवार के लिए आकस्मिक अवकाश घोषित कर दिया। सहपाठियों और शिक्षकों ने भी यश के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः UP News : अंबेडकरनगर एनकाउंटर में ढेर कानपुर का विक्की उर्फ आसिफ, एक लाख रुपये का था इनाम
