महाराष्ट्र: अमरावती के सरकारी अस्पताल में वेंटिलेटर फटने से लगी आग, 3 नवजात की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

नई दिल्ली : महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सोमवार की सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहां स्थित एक सरकारी महिला अस्पताल के नियोनेटल वॉर्ड में भीषण आग लग गई, जिसमें तीन मासूम नवजातों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई है, जबकि 6 बच्चे गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं।

दरअसल, जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (NICU/SNCU) में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई। शुरुआती रिपोर्टों की मानें तो यह हादसा वार्ड में लगे एक वेंटिलेटर में जोरदार धमाके की वजह से हुआ है। धमाके के बाद आग लग गई, जिससे वहां भर्ती 3 नवजात बच्चों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई।

धमाके के साथ फैली आग, वॉर्ड में मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह जब यह हादसा हुआ, तब ज्यादातर लोग नींद में थे, तभी अचानक तीसरी मंजिल के चाइल्ड वार्ड से वेंटिलेटर फटने की तेज आवाज हुई। देखते ही देखते पूरे वॉर्ड में भीषण आग की लपटें और धुआं फैल गया। हादसे के वक्त वॉर्ड के अंदर कुल 39 नवजात शिशु थे। जिनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है इनमें से ज्यादातर जीवन रक्षक प्रणाली पर थे।

स्टाफ की मुस्तैदी से बची कई मासूमों की जान

बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज सुनते ही अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और सुरक्षा कर्मचारियों ने बिना वक्त गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घने धुएं के बीच डॉक्टरों, नर्सों और सुरक्षा कर्मचारियों ने अपने जीवन की भी परवाह नहीं की और 36 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने और धुएं के कारण दम घुटने से 3 बच्चों को नहीं बचाया जा सका। वहीं करीब 6 बच्चों की हालत गंभीर है, जिनका इलाज पास के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में चल रहा है, यहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी देखरेख कर रही है।

संबंधित समाचार