अमेठी में फिर गूंजा ‘स्मृति-स्मृति’! नई जिम्मेदारी मिलते ही BJP कार्यकर्ताओं ने फोड़े पटाखे, बांटे लड्डू
स्मृति ईरानी को भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने की खबर से अमेठी में जश्न, कार्यकर्ताओं ने कहा- यूपी में संगठन को मिलेगी नई धार
अमेठी, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय महामंत्री, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने की खबर से अमेठी में भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। संगठन में उनकी वापसी पर भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मृति ईरानी के समर्थन में नारे भी लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि स्मृति ईरानी को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने स्मृति ईरानी को नई जिम्मेदारी दिए जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ उत्तर प्रदेश में पार्टी को मिलेगा। उनकी नई जिम्मेदारी से प्रदेश में भाजपा संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
आगामी वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर स्मृति ईरानी को प्रदेश की जिम्मेदारी मिलना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमेठी में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में इस निर्णय को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
यह भी पढ़ेंः BJP की नई टीम का ऐलान! स्मृति ईरानी महासचिव, वसुंधरा राजे को बड़ी जिम्मेदारी; यूपी के कई चेहरों को जगह
