Pilibhit News : 30 साल के गन्ना ब्याज का हिसाब मांगने समिति पहुंचे किसान, प्रदर्शन कर नारेबाजी
बीसलपुर गन्ना समिति पर किसानों का हंगामा, 30 वर्ष के बकाया ब्याज का मांगा पूरा ब्योरा
पीलीभीत के बीसलपुर में गन्ना मूल्य के विलंबित भुगतान पर 30 साल के बकाया ब्याज की मांग को लेकर किसानों ने गन्ना समिति पर प्रदर्शन किया।
बीसलपुर, अमृत विचार। गन्ना मूल्य के विलंबित भुगतान पर किसानों के बकाया ब्याज का विवरण उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले किसानों ने गन्ना समिति बीसलपुर में प्रदर्शन किया। किसानों ने समिति प्रशासन से जल्द ब्याज का पूरा विवरण उपलब्ध कराने की मांग की।
किसान नेता गुल्लू पहलवान ने कहा कि पिछले करीब 30 वर्षों में गन्ना मूल्य के देरी से हुए भुगतान पर किसानों का 15 प्रतिशत ब्याज बकाया है। उन्होंने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह द्वारा हाईकोर्ट में जीते गए गन्ना ब्याज भुगतान मामले के तहत किसानों को उनका कानूनी हक दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए प्रत्येक किसान का ब्याज संबंधी विवरण जुटाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपनी संबंधित गन्ना समिति से ब्याज का विवरण प्राप्त कर संगठन के किसी पदाधिकारी को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि बकाया ब्याज की पैरवी कर किसानों को उनका हक दिलाया जा सके। प्रदर्शन करने वालों में रामौतार, अर्जुन प्रताप, रामसेवक, ओमप्रकाश वर्मा, तेजराम, राजू, कल्याण, नत्थूलाल, आनंद कश्यप , दानिश थे।
