यूपी पुलिस सिपाही भर्ती पर उठा सवाल तो एक्शन में आया बोर्ड, हुसैनगंज थाने तक क्यों पहुँची बात?
आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती-2025 के रिजल्ट और चयन प्रक्रिया में कथित स्कैम का आरोप लगाने वाले वीडियो को लेकर कार्रवाई की गई है। भर्ती बोर्ड के निरीक्षक उपेंद्र सिंह की तहरीर पर लखनऊ के हुसैनगंज थाने में ‘मोहित सर गुरुकुल’ नाम से संचालित YouTube चैनल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
लखनऊ, अमृत विचार: उप्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती-2025 के रिजल्ट और चयन प्रक्रिया पर स्कैम व घोटाले का आरोप लगाकर भ्रामक वीडियो यू-ट्यूब पर वायरल किया गया। निगरानी के दौरान वायरल वीडियो की जानकारी सामने आने पर भर्ती बोर्ड के निरीक्षक ने हुसैनगंज कोतवाली में मोहित सर गुरुकुल के नाम से संचालित यू-ट्यूब चैनल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भर्ती बोर्ड के निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया कि आरक्षी भर्ती व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा का आयोजन बीते 8 जून से 10 जून को हुआ था। इस बीच 3 अगस्त को यू-ट्यूब चैनल मोहित सर गुरुकुल का एक वायरल वीडियो मिला। जिसमें यूपी पुलिस कांस्टेबल रिजल्ट स्कैम घोटाले का आरोप लगाकर परीक्षा की सुचिता भंग करने के लिए भ्रामक पोस्ट की गई। वायरल वीडियो में बिना तथ्यों के सही जानकारी किये बिना मोहित सर गुरुकुल द्वारा यू-ट्यूब चैनल पर भ्रामक सूचना प्रसारित की गयी है। निरीक्षक उपेंद्र ने हुसैनगंज कोतवाली में तहरीर दी। एसओ हुसैनगंज शिवमंगल सिंह ने बताया कि तसाइबर क्राइम सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः यूपी सरकार का बड़ा फैसला: संत कबीर टेक्सटाइल पार्क के लिए 251.805 एकड़ जमीन के हस्तांतरण पर रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ
यह भी पढ़ेंः किसानों के लिए बड़ी सुविधा: एक कॉल पर मिलेगी खेती की विशेषज्ञ सलाह, शुरू हुआ टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर
