बदायूं बाजार में बिक रहा मिलावट का 'जहर': 59 में से 29 खाद्य सैंपल फेल, रोजमर्रा की चीजों में हो रहा 'खेल'
बदायूं में रोजमर्रा की चीजों में हो रहा बड़ा खेल, आधे से ज्यादा फूड सैंपल निकले मानकों पर फेल
बदायूं में लोगों की सेहत से सरेआम खिलवाड़ हो रहा है। खाद्य विभाग द्वारा जांच के लिए भेजे गए 59 सैंपलों में से 29 फेल साबित हुए हैं। पनीर, खोया और सरसों तेल में सबसे ज्यादा मिलावट मिली है।
बदायूं, अमृत विचार। जनपद के बाजार अब खाने-पीने की शुद्ध चीजों के लिए नहीं, बल्कि मिलावट के जहर का अड्डा बनते जा रहे हैं। मुनाफे की अंधी दौड़ में दुकानदार सरेआम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की हालिया जांच रिपोर्ट ने इस कड़वी सच्चाई को बेनकाब कर दिया है, जिसमें लगभग आधे से ज्यादा बाजार मानकों पर फेल साबित हुआ है।
आधे सैंपल नहीं उतरे मानकों पर खरे
खाद्य सुरक्षा विभाग ने 1 अप्रैल से 30 जून के बीच छापामार कार्रवाई के दौरान बाजार से कुल 146 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए थे। विभाग द्वारा जांच के लिए लैब भेजे गए इन सैंपलों में से अब तक 59 की रिपोर्ट आ चुकी है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 29 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव (फेल) आई है। इसका सीधा मतलब है कि बाजार में बिकने वाला करीब आधा सामान गुणवत्ता के मानकों पर फेल है और लोगों की थाली में जहर परोसा जा रहा है।
रोजमर्रा के इन सामानों में मिली सबसे ज्यादा मिलावट
सबसे ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि मिलावट से रोजमर्रा की जरूरी चीजें भी अछूती नहीं हैं। जिन 29 खाद्य पदार्थों के सैंपल फेल हुए हैं, उनका विवरण इस प्रकार है:
पनीर: 5 सैंपल फेल
खोया: 4 सैंपल फेल
सरसों व अन्य तेल: 4 सैंपल फेल
दूध: 3 सैंपल फेल
मिठाई: 1 सैंपल फेल
अन्य खाद्य पदार्थ: 12 सैंपल फेल
यानी, घर-घर पहुंचने वाला हर निवाला अब शक के घेरे में आ गया है।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: खाद्य विभाग
"फेल सैंपलों के मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन सभी के खिलाफ एडीएम कोर्ट और सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा। मिलावटी खाद्य पदार्थ की रोकथाम को अभियान लगातार जारी रहेगा।" - सीएल यादव, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय।
अब उठ रहे हैं बड़े सवाल
आंकड़े सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिले में आखिर किसकी सरपरस्ती में यह मिलावटखोरी का खेल इतने बड़े पैमाने पर चल रहा है? हालांकि खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सख्ती की बात कह रहा है, लेकिन देखना यह होगा कि यह कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रहती है या सच में मिलावटखोरों पर कोई ठोस शिकंजा कसा जाएगा।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर पेंशन घोटाला : 600 खाताधारकों को रिकवरी नोटिस जारी, दफ्तर में दौड़े लोग
