Bareilly News : बरेली में गूंजा धमाके का शोर, दहशत में घर छोड़कर बाहर निकल आए लोग
बरेली में लगातार दूसरे साल रहस्यमयी धमाके की गूंज से हिल गया बरेली शहर
बरेली शहर और आसपास के इलाकों में सुबह 9:30 बजे और 10:10 बजे भयंकर धमाके की आवाज सुनी गई। खिड़कियां हिलने से दहशत में आए लोग घरों से बाहर निकल आए। पिछले साल भी ऐसी ही घटना हुई थी।
बरेली, अमृत विचार। बरेली में गुरुवार को एक रहस्यमय धमाके की गूंज से पूरा शहर थर्रा गया। लगातार दूसरे साल इस तरह के भयंकर धमाके का शोर मचा। गुरुवार को एक के बाद एक, लगातार दो बार धमाके की आवाज सुनी गई। पहली बार सुबह के करीब 9:30 बजे का वक्त रहा होगा, तब जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई। यह धमाका इतना जोरदार था कि घरों की खिड़कियां हिल गईं। लोग डर गए। धमाके की हलचल के बीच 10:10 बजे एक बार फिर तेज धमाका गूंजा। हालांकि ये धमाका कहां हुआ, क्यों और कैसे हुआ। कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इतना जरूर है कि पिछले साल दो अगस्त को ऐसे ही धमाके की शोर से शहर सह गया था।
बरेली ही नहीं बल्कि आसपास के इलाकों में भी धमाके की दहशत देखी गई। अफरा-तफरी के बीच कई लोग घर-दुकान छोड़कर खुले में बाहर निकल आए। आसमान में देखा तो कहीं धुएं का कोई गुबार दिखा न कोई दूसरा निशान। बहरहाल, बरेली में हर कोई धमाके पर चर्चा कर रहा है। सोशल मीडिया पर भी हलचल बनी है। लेकिन यह धमाके का कोई सही कारण साफ नहीं हो सका है।
इस बार धमाके का शोर केवल शहर तक सीमित नहीं रहा। हाफिजगंत समेत आसपास के गांवों में भी इसकी धमक सुनी गई। कुछ पल के लिए तो दहशत का आलम बना रहा। चूंकि पिछले साल भी ऐसी ही स्थिति बनी थी तो लोग ज्यादा पैनिक नहीं हुए। लेकिन जो लोग पिछले बार धमाके की आवाज नहीं सुन पाए थे, उनकी धड़कने जरूर बढ़ गईं। शहर के किला, प्रेमनगर, रामपुर गार्डन, इज्जतनगर, किला, समेत कई हिस्सों में हलचल देखी गई। लोग यही जानने में जुटे रहे कि आखिर ये धमाका हुआ कहां हैं और किस चीज से हुआ?
