Bahraich News: बीसी संचालक से 2.53 लाख की लूट का खुलासा, तीन लुटेरे और मुखबिर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे संचालक को बनाया था निशाना, पुलिस ने बरामद किए 2.10 लाख रुपये और तमंचा

बहराइच में बीसी संचालक से हुई दिनदहाड़े लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पयागपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम, तमंचा, कारतूस, POS मशीन और बाइक बरामद की है।

बहराइच। पयागपुर थाना क्षेत्र में बीसी संचालक से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने लूट में शामिल तीन बदमाशों और उनके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लूट की रकम, अवैध तमंचा और अन्य सामान बरामद किया गया है।

बताया गया कि मंगलवार को करीब 10 बजे बीसी संचालक अयोध्या प्रसाद बैंक से रुपये निकालकर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर उन्हें रोक लिया और करीब 2 लाख 53 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मामले के खुलासे के लिए पयागपुर पुलिस और स्वाट टीम को लगाया था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट में शामिल बदमाश दो बाइकों से खजुरी गांव की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 लाख 10 हजार 400 रुपये नकद, 315 बोर का तमंचा और अन्य दस्तावेज बरामद हुए।

साथी ने दी थी बीसी संचालक की जानकारी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सहबान ने तीनों लुटेरों को सूचना दी थी कि बीसी संचालक बैंक से पैसे निकालकर जा रहा है। इसके बाद आरोपियों ने योजना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। ये आरोपी हुए गिरफ्तार, सूर्य कुमार सिंह, जय सिंह, वीरेंद्र सिंह (निवासी लखाही पुतलीतारा), सहबान (निवासी शिवदहा) पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें : 
फायर एनओसी नहीं..... पास नहीं होगा भवन का नक्शा, जानिए क्या है एलडीए ने नए नियम जिनसे आपको मिलेगा Approval

संबंधित समाचार