Chitrakoot News : नकली खाद के कारोबार का भंडाफोड़, एसडीएम के छापे में डीएपी की पैकिंग में भरकर बिक रही थी घटिया खाद
एसडीएम की अगुवाई में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, घटिया खाद की रीपैकिंग कर किसानों को ऊंचे दाम पर बेचने का आरोप
चित्रकूट के मऊ क्षेत्र में सस्ती खाद को डीएपी बताकर बेचने के आरोप में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम की अगुवाई में हुई छापेमारी में 1800 से अधिक खाद की बोरियां, खाली पैकिंग और रीपैकिंग सामग्री बरामद हुई। कृषि विभाग नमूनों और दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
मऊ (चित्रकूट) अमृत विचार। एसडीएम मऊ रामऋषि रमन की अगुवाई में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध खाद की रीपैकिंग का मामला पकड़ा। सस्ते दाम पर लाई गई घटिया खाद को किसानों को डीएपी बताकर ऊंचे दाम पर बेचा जाता था। मौके से बड़ी मात्रा में घटिया खाद, खाली बोरियां और पैकिंग से जुड़ी सामग्री मिली है।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एसडीएम को सुरौंधा में नकली खाद को डीएपी बनाकर बेचे जाने की सूचना मिली। इस पर एसडीएम की अगुवाई में टीम सुरौंधा पहुंची और छापेमारी की। सीओ फहद अली, थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव और कृषि विभाग के अधिकारी भी साथ रहे।
एसडीएम ने बताया कि दुकान मालिक श्यामू तीन सौ से साढ़े तीन सौ रुपये में मिलने वाली सस्ती खाद को भारत डीएपी की बोरियों में भरता था। इसके बाद बाजार में अधिक कीमत पर खपा देता था। छापे के दौरान श्यामू ने दुकान के पिछले हिस्से से नकली खाद की लगभग एक हजार खाली बोरियां नदी में फिंकवा दीं। ग्रामीणों ने बताया तो इनको भी बरामद कर लिया गया। मौके से सस्ती खाद की भरी हुई लगभग 15 सौ बोरियां और लगभग तीन सौ तैयार बोरियां जब्त की गईं। बड़ी मात्रा में घटिया खाद के साथ खाली बोरियां और रीपैकिंग की सामग्री मिली है।
एडीएम बोले- कृषि विभाग कर रहा खाद के नमूनों की जांच
एडीएम ने बताया कि कृषि विभाग खाद के नमूनों की जांच कर रहा है। मौके से मिले दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। खाद कहां से मंगाई गई, भारत डीएपी की बोरियां कहां से आईं और तैयार खाद की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जा रही थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पूरी रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी और उनके आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
