फ्लाईओवर निर्माण शुरू, कल से बदलेगी यातायात व्यवस्था
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर लागू किया गया डायवर्जन
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके कारण 25 जुलाई से अगले आदेश तक इस क्षेत्र में अस्थायी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। यह जानकारी डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने दी।
डीसीपी यातायात के मुताबिक मड़ियांव की ओर से आने वाले वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से सर्विस रोड के रास्ते टेढ़ी पुलिया की ओर जाएंगे। इसके बाद सर्विस रोड से फ्लाईओवर पर चढ़कर खुर्रमनगर की दिशा में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसी तरह राम-राम बैंक की ओर से आने वाले वाहन, जिन्हें जानकीपुरम या टेढ़ी पुलिया जाना है, वे चौराहे पर बाईं ओर मुड़कर फ्लाईओवर के नीचे बने यू-टर्न का उपयोग करेंगे और वहां से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। वहीं, जानकीपुरम से आने वाले वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा नहीं पहुंचेंगे। उन्हें आकांक्षा परिसर के बगल वाले मार्ग और अन्य वैकल्पिक रास्तों से टेढ़ी पुलिया पहुंचना होगा। वहां से निर्धारित यू-टर्न लेकर वाहन राम-राम बैंक या सीतापुर रोड की ओर जा सकेंगे।
डीसीपी के मुताबिक डायवर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ आवश्यक संकेतक लगाए जाएंगे, ताकि यातायात सुचारु बना रहे। निर्माण कार्य के दौरान एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर ब्रिगेड और स्कूली वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधित मार्ग से भी निकाला जाएगा। किसी भी आपात स्थिति में वाहन चालक ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
