Salman Khan और Alia Bhatt ने किया छात्रों का समर्थन, बोले- शिक्षा व्यवस्था निष्पक्ष और मजबूत होनी चाहिए
NEET पेपर लीक विवाद के बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का किया समर्थन, आंदोलन को बताया शांतिपूर्ण और साहसी
NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री आलिया भट्ट का समर्थन मिला है। दोनों कलाकारों ने छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन की सराहना करते हुए निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया।
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री आलिया भट्ट ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया है। दोनों कलाकारों ने निष्पक्ष और मजबूत शिक्षा प्रणाली की वकालत करते हुए छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन की सराहना की।
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर अपनी युवावस्था की ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि छात्रों और उनके परिवारों के साथ हुई घटनाओं से उन्हें दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक बेहद गंभीर मुद्दा है और यह देखकर खुशी होती है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं।
'आंदोलन को राजनीति से दूर रखा जाए'
सलमान खान ने कहा कि छात्रों ने शांतिपूर्ण और साहसिक तरीके से अपनी बात रखी है। उन्होंने लिखा कि यह आंदोलन केवल छात्रों का है और इसे राजनीतिक रूप से हाईजैक नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों के साथ मिलकर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा को देश का अगला ट्रेंड और फैशन बनना चाहिए ताकि भारत दुनिया भर के छात्रों के लिए शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन सके।
आलिया भट्ट बोलीं- छात्रों का साहस प्रेरणादायक
आलिया भट्ट ने भी सोशल मीडिया पर छात्रों के समर्थन में संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं ने उनका दिल तोड़ा, लेकिन छात्रों के साहस ने उन्हें उम्मीद भी दी। उन्होंने कहा कि हर छात्र के पीछे एक सपना, एक परिवार की उम्मीद और अनगिनत बलिदान जुड़े होते हैं। छात्र सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की भी लड़ाई लड़ रहे हैं। आलिया ने कहा कि छात्रों का संकल्प समाज के लिए एक आईना है और यह सभी से सवाल करता है कि क्या हम वास्तव में देश के भविष्य की आवाज सुन रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश का समापन "जय हिंद" के साथ किया।
