Jauhar University : जौहर विश्वविद्यालय बचाने उतरी सपा, 45 जनप्रतिनिधियों संग रामपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, बोले- 'ध्वस्त नहीं होने देंगे'

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश पर गरमाई सियासत, सपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने गुरुवार को रामपुर पहुंचकर कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश के खिलाफ राज्यपाल से मिलने और विधानसभा में भी मुद्दा उठाने का आश्वासन दिया।

रामपुर, अमृत विचार: सपा नेता आजम खान का ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर विवि के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश के बाद रामपुर की सियासत गरमाई हुई। देश भर में जौहर विवि का मुद्दा छाया हुआ है, ऐसे में गुरुवार को 40 से ज्यादा विधायक, पूर्व विधायक व कई जिलों के सपा अध्यक्षों के साथ रामपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने जौहर विवि को ध्वस्त ना होने का आश्वासन दिया। वहीं मामले में उप्र की राज्यपाल से मिलने का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने जौहर विवि के 38 भवनों पर ध्वस्तीकरण पर रोक के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।

सपा ने वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय संत शिरोमणि रविदास गेस्ट हाउस पहुंचे। जहां से गार्ड ऑफ ऑनर के बाद सपा नेताओं से मिले। इसके बाद वो जौहर विवि के लिए रवाना हो गए। जौहर विवि में कुलपति जहीरुद्दीन सहित अन्य लोगों से मामले की जानकारी ली। इसके बाद जौहर विवि के बाहर मीडिया से बात की, जिसमें कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर रामपुर आए हैं। बोले अपने नेता आजम खां को जेल से बाहर निकालने के लिए कानूनी प्रक्रिया चल रही है। जौहर विवि को बचाने के लिए मामले में गवर्नर से भी मिलेंगे।मामले में उन्होंने रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी को ज्ञापन भी सौंपा। इसके बाद वो सपा नेता आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा से भी मिले।

उन्होंने जौहर विवि मामले में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। राज्यपाल से मिलने के साथ उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान मुद्दा सदन में उठाने का भी भरोसा दिया। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि यह विषय हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। हमारा मानना है कि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी कार्रवाई संविधान, कानून तथा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप तथा शिक्षा एवं छात्रों के भविष्य पर विचारोपरांत होनी चाहिए। यदि विश्वविद्यालय में किसी निर्माण के नक्शे या भूमि से संबंधित कोई विवाद है, तो उसका समाधान विधि सम्मत प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। ताकि शिक्षा, विद्यार्थियों के हित तथा जनसामान्य का अहित न हो। रामपुर जिले में क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने व युवाओं का भविष्य उज्जवल बनाने के लिए मोहम्मद अली जौहर विवि की स्थापना की गई है। जो की लगातार बच्चों को समुचित शिक्षा प्रदान कर रही है।

8

सत्तारूढ़ पार्टी पर द्वेष भावना का लगाया आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने ज्ञापन देते हुए आरोप लगाया है सत्तारूढ़ पार्टी राजनैतिक द्वेष भावना से ग्रस्त होकर शैक्षिक संस्थान की बिल्डिंगों को ध्वस्त करने का प्रयास कर रही है। जबकि यह की यूनिवर्सिटी के निर्माण के समय ग्राम सींगनखेड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र में था और उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम 1947 अथवा किसी विधि के अंतर्गत निर्माण की अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं थी। यह की यूनिवर्सिटी के निर्माण के समय ग्राम सिंघन खेड़ा आरबी एक्ट 1958 के अंतर्गत रेगुलेटेड एरिया में भी शामिल नहीं था। इसलिए भी आरबी एक्ट के अंतर्गत अनुमति प्राप्त किया जाना संभव नहीं था। यह कि दिनांक 27 सितंबर 2024 को रामपुर डेवलपमेंट क्षेत्र में 62 नए राजस्व ग्राम शामिल किए गए। जिससे ग्राम सींगनखेड़ा को भी शामिल किया गया। इस प्रकार ग्राम सींगनखेड़ा पहली बार दिनांक 27 सितंबर 2024 को आरडीए में शामिल हुआ। जबकि यूनिवर्सिटी का निर्माण उससे पूर्व पूर्ण हो चुका था। आरडीए और जिलाधिकारी द्वारा अवैधानिक तरीके से शिक्षा का मजाक बनाते हुए गरीब बच्चों के हाथों से कलम छीनने व शिक्षा से वंचित किए जाने का कार्य किया जा रहा है। विवि के 38 भवनों को तोड़ने का आदेश छात्र एवं शिक्षाहित में नहीं है। सपा का प्रतिनिधिमंडल मांग करता है कि जनहित एवं छात्र हित में जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को तोड़ने का आदेश रद्द करते हुए उचित वैधानिक कार्रवाई करें।

8

प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, जिलाध्यक्ष रामपुर अजय सागर, विधायक चमरौआ नसीर अहमद खां, कांठ विधायक कमाल अख्तर, किठोर विधायक व पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, विधायक व प्रदेश महासचिव अताउर्रहमान, विधायक नवाब जान, विधायक हाजी नासिर कुरैशी, विधायक मो. फहीम इरफान, विधायक शहजिल इस्लाम अंसारी, मेरठ शहर विधायक रफीक अंसारी, सरधना विधायक अतुल प्रधान, विधायक पंकज कुमार मलिक, विधायक पिंकी सिंह, विधायक इकबाल महमूद, विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव, जिलाध्यक्ष मुरादाबाद जयवीर सिंह, जिलाध्यक्ष बरेली शुभलेश यादव, हाजी रिजवान पूर्व विधायक, यूसुफ अंसारी पूर्व विधायक, जगराम सिंह पूर्व विधायक, विजय सिंह पूर्व विधायक, भगवत शरण गंगवार, सुल्तान बेग, इस्लाम साबिर, विजय पाल सिंह पूर्व विधायक, आरके शर्मा, महिपाल सिंह यादव पूर्व विधायक सहित अन्य सपा नेता।

7

विवि के मुख्यगेट पर छठे दिन जारी रहा छात्रों का प्रदर्शन

जौहर विवि में प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई के विरोध में छात्रों का धरना-प्रदर्शन लगातार छठे दिन जारी रहा। विवि के मुख्यगेट पर बड़ी संख्या में छात्र, पूर्व छात्र और सपाई धरने पर बैठे रहे। छात्रों ने कहा है कि जब तक रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा ध्वस्तीकरण आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यपाल को लिखा पत्र

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जौहर विश्वविद्यालय के अधिकांश भवनों के ध्वस्त किए जाने के आदेश पर चिंता जताई है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को भेजा है। इसमें कहा है कि राज्यपाल सभी विश्वविद्यालयों का कुलाधिपति होता है इसलिए इस मामले में राज्यपाल को हस्तक्षेप करना चाहिए। शिक्षा और जनकल्याण के उद्देश्य से स्थापित विश्वविद्यालय किसी सरकार, राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति की संपत्ति नहीं होते। वे राष्ट्र की बौद्धिक पूंजी समाज की साझा धरोहर और आने वाली पीढ़ियों की अमानत होते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र में कहा है कि सरकारें बदलती हैं, परन्तु शिक्षा संस्थानों की गरिमा, निरंतरता और उपयोगिता नहीं बदलनी चाहिए। रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा किसी प्रकार के भवन विस्तार संबंधी आपत्ति को विधिक प्रक्रिया और प्राधिकरण के मान्य नियमों के अंतर्गत दूर किया जा सकता था। किसी भी निर्णय का पहला दायित्व इन्हीं निर्दोष विद्यार्थियों के हितों की रक्षा होना चाहिए।

संबंधित समाचार