होमस्टे में 14 दिन ठहरा, 51.90 हजार का बिल चुकाए बिना फरार
चेकआउट किए बिना ले गया कमरे की चाबी, रिपोर्ट दर्ज
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: इंदिरानगर स्थित एक होमस्टे संचालक के साथ धोखाधड़ी की गई। आरोप है कि एक अतिथि करीब दो सप्ताह तक होमस्टे में ठहरा, लेकिन कमरे का किराया और भोजन का 51,900 रुपये का बिल चुकाए बिना फरार हो गया। इतना ही नहीं, वह कमरे की चाबी भी अपने साथ ले गया। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई, जिसके बाद गाजीपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
इंदिरानगर सेक्टर-25/4 स्थित राही होमस्टे बी एंड बी के संचालक द्विजेंद्र सिंह के अनुसार, मऊ के इंदारा निवासी राधेश्याम 18 मई को उनके गेस्ट हाउस में ठहरा था। उसने पहचान के लिए अपना आधार कार्ड भी जमा कराया था। जिसकी प्रति, अतिथि रजिस्टर की प्रविष्टि और सीसीटीवी फुटेज होमस्टे के पास सुरक्षित हैं। संचालक के मुताबिक, एक जून को राधेश्याम ने कॉल कर बताया कि उसके दो साथी हादसे में घायल हो गये हैं। इसलिए वह आगरा और बाद में हरिद्वार जा रहे हैं। वह बिना औपचारिक चेकआउट किए होमस्टे छोड़कर चला गया। उसने न तो अतिथि रजिस्टर में चेकआउट दर्ज कराया। न ही कमरे की चाबी लौटाई। कमरे का किराया और भोजन का भुगतान भी नहीं किया। 26 जून तक बकाया राशि 51,900 रुपये हो गई थी। उसी दिन आरोपी ने व्हाट्सएप पर वापस आने का संदेश भेजा, लेकिन इसके बाद न तो लौटा और न ही किसी प्रकार का भुगतान किया। संचालक ने कई बार फोन और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आरोप है कि पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर भी उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्या के मुताबिक, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
