UP News: सीएम योगी का पश्चिमी यूपी दौरा आज, 2500 करोड़ रुपये की 255 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

शामली, बिजनौर और गाजियाबाद में करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास, चिकित्सा, शिक्षा, पेयजल, पुलिस और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं का होगा शुभारंभ; कांवड़ यात्रा की तैयारियों की भी करेंगे समीक्षा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें सम्मानित भी करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शामली, कैराना, थानाभवन, बिजनौर, चांदपुर, मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे।

शामली में 581 करोड़ रुपये से अधिक की 89 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत शामली से करेंगे। यहां वे 581 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

इनमें प्रमुख रूप से कैराना में राज्य कर विभाग का कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय, थानाभवन में राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

बिजनौर में चिकित्सा और पर्यटन परियोजनाओं पर रहेगा फोकस

इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर पहुंचेंगे, जहां 1,003 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 76 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

इस दौरान वे महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास, रामबाग रोड स्थित कल्याण मंडपम का उद्घाटन करेंगे।

इसके अलावा विदुर कुटी के समेकित पर्यटन विकास कार्य सहित कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

गाजियाबाद में 868 करोड़ रुपये से अधिक की 90 परियोजनाएं

शाम को मुख्यमंत्री गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री—
- तेजपाल त्यागी-कुशपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
- 47वीं वाहिनी पीएसी में नई बैरकों और विभिन्न पेयजल योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
- थाना बापूधाम प्रशासनिक भवन, पुलिस लाइन ट्रांजिट हॉस्टल और अन्य विकास कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों की करेंगे समीक्षा

गाजियाबाद प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। वे शासन, प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

यह भी पढ़ेंः UP SCR Plan: 2051 तक यूपी स्टेट कैपिटल रीजन में 34.51 लाख नए आवासों की होगी जरूरत, छह जिलों के विकास का तैयार हुआ रोडमैप

संबंधित समाचार