अर्जेंटीना को जीता रहा फीफा : मेस्सी का जवाब- 'हमें कुछ भी थाली में सजाकर नहीं मिला', मेहनत से बनाई पहचान

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अटलांटा। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी ने विश्व कप में अपनी टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाने वाले आलोचकों को करारा जवाब दिया है। मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना पर पक्षपातपूर्ण फैसलों का फायदा मिलने के आरोपों के बीच मेस्सी ने कहा कि टीम ने अपनी सफलता कड़ी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर हासिल की है।

मेस्सी ने कहा,

"हमें कुछ भी थाली में सजाकर नहीं दिया गया।" उन्होंने बताया कि मैच के अंतिम क्षणों में पिछड़ने के बाद वापसी करने की क्षमता ही अर्जेंटीना की लगातार जीत का सबसे बड़ा कारण रही है, इसमें किसी अन्य चीज की भूमिका नहीं है।

इंग्लैंड के खिलाफ शानदार वापसी से फाइनल में पहुंचा अर्जेंटीना

अर्जेंटीना ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 85वें मिनट तक 0-1 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की और लगातार दूसरी बार विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। अब फाइनल में उसका सामना रविवार को स्पेन से होगा। इससे पहले अर्जेंटीना ने केप वर्दे, स्विट्जरलैंड और मिस्र के खिलाफ भी आखिरी समय में गोल कर जीत हासिल की थी। हालांकि, कुछ टीमों के कोचों ने रेफरी के फैसलों पर सवाल उठाए थे।

रेफरी फैसलों को लेकर उठे थे सवाल

स्विट्जरलैंड और मिस्र के कोचों ने अर्जेंटीना के मुकाबलों में रेफरी के फैसलों की आलोचना की थी। मिस्र के कोच होसाम हसन ने तो यहां तक कहा था कि उनकी टीम ऐसी फुटबॉल व्यवस्था का शिकार हुई है जो मेस्सी और अर्जेंटीना के पक्ष में काम करती है। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी अर्जेंटीना की आलोचना हुई और कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा चाहती है कि अर्जेंटीना दोबारा विश्व चैंपियन बने।

'हमने खुद को दुनिया की शीर्ष टीमों में साबित किया'

इंग्लैंड पर जीत के बाद मेस्सी ने आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा, "पिछले चार साल में हमने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, फिर चाहे आपको यह पसंद हो या नहीं और चाहे आप कुछ भी कहें।" उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना ने एक बार फिर खुद को दुनिया की शीर्ष दो टीमों में स्थापित कर लिया है।

मेस्सी के अनुसार, यह साबित करता है कि टीम की सफलता कोई संयोग नहीं है। उन्होंने कहा, "लगातार दो विश्व कप के फाइनल में पहुंचने की उपलब्धि बहुत कम टीमें हासिल कर पाई हैं और इस टीम ने यह कर दिखाया। अगर हम इंग्लैंड से हार जाते तो लोग तरह-तरह की बातें करने लगते, लेकिन हमने उन्हें मौका ही नहीं दिया।"

मेस्सी का यह बयान ऐसे समय आया है जब अर्जेंटीना एक बार फिर विश्व कप खिताब के करीब पहुंच चुका है और टीम लगातार आलोचनाओं के बीच अपने प्रदर्शन से जवाब दे रही है।

ये भी पढ़ें : 
FIFA World Cup 2026: अर्जेंटीना का फाइनल टिकट पक्का, इंग्लैंड का 60 साल पुराना सपना टूटा


संबंधित समाचार