Kanwar Yatra 2026: कांवड़ियों से सीएम योगी की अपील- अनुशासन बनाए रखें, छोटी बातों पर हुड़दंग से बचें

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

शामली में 581 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, पश्चिमी यूपी के लिए 2,452 करोड़ की विकास योजनाओं की भी दी सौगात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली में आयोजित जनसभा के दौरान कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं से अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान छोटी-छोटी बातों को लेकर किसी भी तरह का विवाद या हुड़दंग नहीं होना चाहिए, क्योंकि ऐसी घटनाओं का विरोधी तत्व गलत फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कांवड़ संघों और श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की मर्यादा, भगवान श्रीकृष्ण की लीला और भगवान शिव की समरसता से प्रेरणा लेकर यात्रा पूरी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धैर्य और अनुशासन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

सीएम योगी ने कहा कि यदि कहीं अनुशासनहीनता या हंगामा होता है तो उसके दृश्य विरोधी सुरक्षित रखेंगे और भविष्य में कांवड़ यात्रा को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और उनकी आस्था के सम्मान के लिए हरसंभव व्यवस्था कर रही है। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की आस्था के प्रति प्रतिबद्धता बताया।

मुख्यमंत्री का यह बयान हाल ही में मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आया है।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने, कांवड़ यात्रा को बाधित करने और धार्मिक स्थलों की संपत्तियों पर कब्जा करने जैसी घटनाएं होती थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने आस्था और विकास दोनों को समान महत्व दिया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली में 581 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, बिजनौर और गाजियाबाद जिलों के लिए कुल 2,452 करोड़ रुपये की 255 विकास परियोजनाओं की भी सौगात दी। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को मजबूत करेंगी।

यह भी पढ़ेंः India First Hydrogen Train: भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू, सिर्फ 5 रुपये से सफर, जानिए इसकी 10 बड़ी खूबियां, देखें Exclusive Photos

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज