Farmer Registry: गोंडा ने बनाई बड़ी बढ़त, 4.58 लाख किसानों का हुआ पंजीकरण; प्रदेश रैंकिंग में 4 स्थान की छलांग
78.85% लक्ष्य पूरा, विशेष शिविरों से अभियान को मिली रफ्तार; किसानों को मिलेगी यूनिक Farmer ID और योजनाओं का आसान लाभ
गोंडा। किसानों को सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी और आसान तरीके से उपलब्ध कराने के लिए चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान में गोंडा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विशेष शिविरों और प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी के चलते जिले में अब तक 4 लाख 58 हजार 532 किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है। यह निर्धारित 5 लाख 81 हजार 533 किसानों के लक्ष्य का 78.85 प्रतिशत है। बेहतर प्रदर्शन के कारण गोंडा ने प्रदेशीय रैंकिंग में 73वें स्थान से 69वें स्थान तक की छलांग लगाई है।
20 जून से लगातार चल रहे विशेष शिविरों का मिला लाभ
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशन में 20 जून से 18 जुलाई तक जिले की 1,192 ग्राम पंचायतों में विशेष पंजीकरण शिविर लगाए गए। इन शिविरों में कृषि, राजस्व, पंचायत और ग्राम विकास विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई गई।
अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा की जा रही है। साथ ही खाद और बीज बिक्री केंद्रों पर भी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यूनिक Farmer ID से मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
जिलाधिकारी ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के बाद प्रत्येक किसान को यूनिक Farmer ID उपलब्ध कराई जा रही है। इससे किसान का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रहेगा और भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
इस आईडी के जरिए किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उर्वरक एवं बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण, सोलर पंप, धान और गेहूं खरीद, गन्ना पर्ची तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
रजिस्ट्रेशन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए किसानों के पास खतौनी, आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
दूसरे चरण में फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड भी बन रहे
जिले में अभियान का दूसरा चरण 13 जुलाई से शुरू हो चुका है। ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में फार्मर रजिस्ट्री के साथ-साथ फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी ग्राम पंचायत शिविर या जन सेवा केंद्र पहुंचकर जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराएं, ताकि सरकार की सभी कृषि एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
यह भी पढ़ेंः Kanwar Yatra 2026: कांवड़ियों से सीएम योगी की अपील- अनुशासन बनाए रखें, छोटी बातों पर हुड़दंग से बचें
