Raebareli News: शौच के लिए नहर पर गईं दो बच्चियों के अपहरण का प्रयास, विरोध पर 17 किमी दूर छोड़कर भागे अपहर्ता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

ऊंचाहार (रायबरेली)। रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दो 10 वर्षीय बच्चियों के कथित अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया। परिजनों के मुताबिक कार सवार तीन लोगों ने दोनों बच्चियों को जबरन वाहन में बैठा लिया। हालांकि बच्चियों के शोर मचाने और लगातार विरोध करने पर आरोपी उन्हें करीब 17 किलोमीटर दूर लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, गोसाई का पुरवा गांव निवासी देवेंद्र कुमार त्रिपाठी की 10 वर्षीय बेटी शालू और गांव निवासी अशोक कुमार की 10 वर्षीय बेटी परी शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे शारदा सहायक नहर के पुल के पास शौच के लिए गई थीं। उसी दौरान मोखरा गांव की ओर से आई एक कार में सवार तीन लोगों ने कथित रूप से दोनों बच्चियों को जबरन कार में बैठा लिया।

बताया जा रहा है कि बारिश होने के कारण घटनास्थल के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे आरोपी आसानी से बच्चियों को लेकर निकल गए। कार में बैठाए जाने के बाद बच्चियों ने शोर मचाना और विरोध करना शुरू कर दिया। इसके बाद अपहरणकर्ता उन्हें लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर टोल प्लाजा से पहले चड़रई चौराहे के पास छोड़कर फरार हो गए।

इधर, बच्चियों के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद सूचना मिली कि दोनों बच्चियां चड़रई चौराहे के पास मौजूद हैं। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें सकुशल घर लेकर आए। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने ऊंचाहार कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी।

कोतवाली प्रभारी ओपी राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

संबंधित समाचार