लखनऊ में मुख्यमंत्री करेंगे पौधरोपण : 'शक्ति वन'' में पार्क से देख सकेंगे कुकरैल नदी का नजारा
लखनऊ, अमृत विचार : अयोध्या रोड पर अकबरनगर में अवैध निर्माण तोड़कर खाली कराई गयी 30 हजार वर्गमीटर भूमि पर हरियाली विकसित की जाएगी। नगर निगम 14 करोड़ की लागत से यहां ''शक्ति वन'' विकसित कर रहा है। जिसमें लोग सुबह टहल सकेंगे और कुकरैल नदी का नजारा ले सकेंगे।
इसके बीचो- बीच पार्क विकसित किया जाएगा साथ ही बच्चों के खेलने के लिए झूले और लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम फव्वारे भी लगाएगा। लोगों की सेहत का ध्यान रखते हुए ''शक्ति वन'' में ओपन जिम लगाया जाएगा साथ ही लोग पाथ-वे पर टहल सकेंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए शौचालय और पार्किंग की सुविधा रहेगी। वर्षा जल संचयन के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा।
62 हजार से अधिक पौधे लगाएगा नगर निगम
''शक्ति वन'' में 62000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इनमें 4 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में मियावाकी पद्धति से 14 हजार पौधे, विभिन्न प्रजातियों के 3318 पेड़ लगाए जाएंगे। इनमें सीता अशोक, बरगद, पीपल, गूलर, रुद्राक्ष, अमरूद, आम, जामुन, अर्जुन, मौल श्री, शहतूत, नींबू, कचनार, केनर, पिलखन, शीशम, गुलमोहर, अशोक आदि प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। इसके अलावा 9310 झाड़ीदार पौधे और 35700 बाड़दार पौधे लगाये जाएंगे।
शक्ति वन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह पौधरोपण करेंगे। इसके लिए नगर निगम सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हैं। यहां एक मंच बनाया जा रहा है, जहां से मुख्यमंत्री पौधरोपण कार्यक्रम के बाद लोगों को संबाेधित करेंगे।
