श्रावस्ती में धूमधाम से निकला जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, अमन और भाईचारे का दिया संदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

भिनगा, लक्ष्मणपुर बाजार और नासिरगंज समेत कई इलाकों में निकला जुलूस; पुलिस की कड़ी निगरानी और ड्रोन से हुई संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी

श्रावस्ती। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को श्रावस्ती जिले में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। भिनगा, लक्ष्मणपुर बाजार और नासिरगंज समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निकले जुलूस में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान अमन, भाईचारे और मोहब्बत का संदेश दिया गया।

सुबह से ही जिले की मस्जिदों में नमाज, दुआख्वानी और मिलाद का सिलसिला चलता रहा। इसके बाद भिनगा ईदगाह, लक्ष्मणपुर बाजार की जामा मस्जिद समेत अन्य प्रमुख स्थानों से जुलूस रवाना हुआ।

जगह-जगह हुआ जुलूस का स्वागत

जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। बच्चों और युवाओं पर फूल बरसाए गए। वहीं, जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों को शरबत व मिठाई वितरित की गई।

हाथों में धार्मिक झंडे लिए बड़ी संख्या में युवा जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान अमन और भाईचारे का संदेश दिया गया। लक्ष्मणपुर बाजार में जुलूस के दौरान आपसी एकता और सौहार्द की तस्वीर देखने को मिली।

धर्मगुरुओं ने दिया अमन और इंसानियत का संदेश

जुलूस के दौरान धर्मगुरुओं ने लोगों से पैगंबर साहब की शिक्षाओं पर चलने की अपील की। उन्होंने इंसानियत, मोहब्बत, अमन और भाईचारे का संदेश समाज में फैलाने का आह्वान किया।

हाई अलर्ट पर रहा प्रशासन, ड्रोन से निगरानी

बारावफात के मद्देनजर पूरे जिले में प्रशासन की ओर से हाई अलर्ट रखा गया था। जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई। अधिकारी पैदल चलकर जुलूस की निगरानी करते रहे।

संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए निगरानी भी की गई। लक्ष्मणपुर में प्रभारी निरीक्षक भिनगा राज प्रकाश सिंह, मनोज कुमार राय और लक्ष्मणपुर चौकी प्रभारी जितेंद्र राय भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

यह भी पढ़ेंः रक्षाबंधन पर नमो भारत का बड़ा तोहफा, 47 अतिरिक्त फेरे; हर 8 मिनट में मिलेगी ट्रेन

संबंधित समाचार