Bareilly News : बरेली में 228 कंपनियों ने 9,426 करोड़ के प्रोजेक्ट जमीन पर उतारे, हजारों लोगों को मिला रोजगार 

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

जीबीसी-5.0 में जिले से 337 एमओयू के जरिए 19,637 करोड़ के निवेश का हुआ था करार

बरेली में 337 एमओयू के जरिए 19,637 करोड़ रुपये के निवेश का करार हुआ था। उद्योग विभाग के मुताबिक इनमें से 228 कंपनियां अपने प्रोजेक्ट लेकर धरातल पर आ चुकी हैं। करीब 9,426 करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से अब तक 13,384 लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया जा रहा है।

दिग्विजय मिश्रा

अमृत विचार : ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) 5.0 में बरेली के लिए किए गए निवेश के करार अब कागजों से निकलकर जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। जिले में 337 एमओयू के जरिए 19,637 करोड़ रुपये के निवेश का करार हुआ था। उद्योग विभाग के मुताबिक इनमें से 228 कंपनियां अपने प्रोजेक्ट लेकर धरातल पर आ चुकी हैं। करीब 9,426 करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से अब तक 13,384 लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया जा रहा है।

जीबीसी-5.0 के दौरान बरेली के लिए 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। विभाग के पोर्टल पर अब तक करीब 4,890 करोड़ रुपये की निवेश प्रगति दर्ज हो चुकी है। विभाग के अनुसार कई परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। ऐसे में आने वाले समय में निवेश और रोजगार दोनों के आंकड़े बढ़ने की उम्मीद है।

 

किस कंपनी ने कितना किया निवेश

बरेली में बड़े निवेशकों में ओमेक्स सिटी का प्रोजेक्ट प्रमुख है। कंपनी ने करीब एक हजार करोड़ रुपये का काम धरातल पर पूरा किया है। इससे करीब 500 लोगों को रोजगार मिला है। रियल एस्टेट और हाउसिंग क्षेत्र में सक्रिय वाईसीएल बिल्डर ने करीब 250 करोड़ रुपये का निवेश किया। इससे करीब 60 लोगों को रोजगार मिला है। रिटेल क्षेत्र में डी-मार्ट ने करीब 50 करोड़ रुपये का निवेश किया। 

इससे 100 लोगों को रोजगार मिला। वहीं एलए सिटी सेंटर मॉल ने करीब 73 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के साथ 100 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। शिक्षा के क्षेत्र में एलपीएस लखनऊ पब्लिक स्कूल ने करीब 50 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे 50 लोगों को रोजगार मिला है। इसके अलावा गैस उत्पादन के क्षेत्र में काम करने वाली कार्बन सर्कल ने भी करीब 50 करोड़ रुपये के निवेश की परियोजना पर काम शुरू किया है।

15 हजार करोड़ के लक्ष्य से आगे का बड़ा प्रस्ताव

जीबीसी-5.0 में जिले के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य था, जबकि कुल प्रस्तावित एमओयू का आंकड़ा 19,637 करोड़ रुपये पहुंचा। यानी निवेशकों ने लक्ष्य से अधिक निवेश की रुचि दिखाई। हालांकि अब विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन प्रस्तावों को वास्तविक निवेश में बदलने की है। उद्योग विभाग के अनुसार करीब 44.57 करोड़ रुपये के प्रस्ताव जल्द पूरा किए जाने की स्थिति में हैं।

क्या बोले अधिकारी

बरेली के उद्योग उपायुक्त विकास यादव ने बताया कि जीबीसी-5.0 के तहत बरेली में हुए निवेश प्रस्तावों को धरातल पर लाने के लिए लगातार कंपनियों से संपर्क और समन्वय स्थापित किया जा रहा है। जिन कंपनियों ने काम शुरू कर दिया है, उनके निवेश और रोजगार की प्रगति पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। शेष निवेश प्रस्तावों को भी जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य एमओयू को वास्तविक निवेश और रोजगार में बदलना है।

 

इसे भी पढ़ें-बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स का शुभारंभ, छात्रों को नाथ कॉरिडोर पर काम करने का संदेश 

संबंधित समाचार