बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स का शुभारंभ, छात्रों को नाथ कॉरिडोर पर काम करने का संदेश
मुख्य अतिथि मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि ऐसे मानक गढ़ें कि देश-दुनिया से फाइन आर्ट्स पढ़ने बरेली आएं स्टूडेंट्स
फाइन आर्ट्स के स्टूडेंट्स के लिए ये एक शानदार मौका है। नाथ कॉरिडोर, नाथ मंदिरों पर शार्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्रीज बनाएं। बरेली की कला, संस्कृति, इतिहास और खूबसूरती को दुनियाभर में दिखाएं। बरेली शहर और बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी का नाम रोशन करें।
अमृत विचार, बरेली : विश्व फोटोग्राफी दिवस के मौके पर बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (BIU) ने फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स का शुभारंभ कर दिया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फोटोग्राफी (IIP) एकेडमी के कोलैबोरेशन में फाइन आर्ट्स विभाग की स्थापना की गई है। विशेषज्ञों ने कहा कि फोटोग्राफी एक भाषा है। इसे पढ़ने, समझने की जरूरत है। प्रोफेशनल फोटोग्राफर के लिए शानदार करियर है। हर क्षेत्र में जॉब्स हैं। संस्थान ने खुद भी इंटरनेशनल स्तर के मानक गढ़ने का भरोसा दिलाया है।

मुख्य अतिथि बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि अभी भारत के बच्चे विदेशों में फाइन आर्ट्स पढ़ने जाते हैं। लेकिन अब बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के भव्य कैंपस में यह कोर्स शुरू हो रहा है। उम्मीद है कि अब दुनियाभर के छात्र यहां पढ़ने आएंगे। उन्होंने स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और डॉक्यूमेंट्रीज के लिए बरेली एक शानदार जगह है। उन्होंने छात्रों से यहां का इतिहास, संस्कृति, धार्मिक स्थल, धार्मिक पर्यटन स्थलों पर काम करने का आह्वान किया है।
रोशन करें बरेली का नाम
बीआईयू के चांसलर डॉ. केशव अग्रवाल ने कहा कि अभी सावन चल रहा है। फाइन आर्ट्स के स्टूडेंट्स के लिए ये एक शानदार मौका है। नाथ कॉरिडोर, नाथ मंदिरों पर शार्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्रीज बनाएं। बरेली की कला, संस्कृति, इतिहास और खूबसूरती को दुनियाभर में दिखाएं। बरेली शहर और बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी का नाम रोशन करें।

बीआईयू की वाइस चांसलर डॉ. लता अग्रवाल ने कहा कि फाइन आर्ट्स काफी महत्वपूर्ण विषय है। इसमें बहुत ज्यादा धैर्य की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने हुनर के जरिये देश-दुनिया में बरेली का नाम रोशन करें। बरेली जैसा छोटा शहर, शायदा ही कोई दूसरा हो-जहां तीन-चार यूनिवर्सिटीज हों।
ऐसे स्टूडेंट्स तैयार करें...
डायरेक्टर डॉ. अर्जुन अग्रवाल ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से हम लोग ऐसे स्टूडेंट्स तैयार करें, जो देश-दुनिया में बरेली का नाम रोशन करें। अपनी स्कूल मेट, अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि कभी-कभी एक इंसान पूरी इंडस्ट्री में ऐसे छा जाता है और सभी लोग उसे, उसके शहर से जोड़कर देखते हैं। डॉ. चीना गर्ग ने कहा कि फाइन आर्ट्स कोर्स, बरेली रीजन के युवाओं के विकास में मददगार साबित होगा।

आईआईपी एकेडमी के फाउंडर राजेश गोयल ने बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी प्रबंधन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि फाइन आर्ट्स के लिए हमे जितने संसाधनों की जरूरत थी, प्रबंधन ने दिल खोलकर हमें उससे कहीं ज्यादा उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि नाथ नगरी में यह एक शानदार पहल है, जो देश-दुनिया में बरेली का नाम रोशन करेगी।
नॉर्थ इंडिया का अनोखा अनुभव
अमृत विचार के सीओओ पार्थो कुनार ने कहा कि बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और आईआईपी एकेडमी के जरिये बरेली ही नहीं बल्कि नार्थ इंडिया को एक अनोखा अनुभव होने जा रहा है। बरेली में बहुत से इंस्टीट्यूट हैं। एजुकेशन में बहुत तरक्की की, लेकिन अब यहां फाइन आर्ट्स की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। हमारे बच्चे दुनियाभर में बरेली का नाम रोशन करेंगे।

बुधवार को विश्व फोटोग्राफी दिवस भी था। फोटोटोग्राफी के 200 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर यहां ललित कला एकेडमी के सहयोग से नेशनल फोटो प्रदर्शनी लगी। जिसमें देशभर से करीब 76 फोटोग्राफर्स ने प्रतिभाग किया। दिनभर छात्र और फोटो प्रेमी प्रदर्शनी में पहुंचते रहे। ललित कला अकादमी-दिल्ली के फोटो अधिकारी अभिमन्यु जिंदल ने कहा कि बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में फाइन आर्ट्स कोर्स प्रारंभ होने से बहुत तेजी के साथ छात्रों का रुझान इसकी ओर बढ़ेगा। अभिभावकों में जागरुकता बढ़ेगी।
