Kanpur News : छेड़छाड़ के आरोपी ने थाने में पिया टायलेट क्लीनर, दरोगा व हेड कांस्टेबल निलंबित

Amrit Vichar Network
On

महिला की शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाया गया था थाने, हैलट आईसीयू में भर्ती

कानपुर के नौबस्ता थाने में महिला उत्पीड़न की शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक ने बाथरूम में टॉयलेट क्लीनर पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे हैलट के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस की लापरवाही के आरोप में दरोगा और हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है।

कानपुर, अमृत विचार। नौबस्ता में महिला उत्पीड़न की शिकायत पर पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक ने मंगलवार बाथरूम में रखा टायलेट क्लीनर पी लिया। नशे की हालत में युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा था, उसकी इस हरकत से पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मी तत्काल उसे कांशीराम ट्रामा सेंटर ले गए। जहां से डॉक्टर ने हैलट रेफर कर दिया। युवक का आइसीयू में इलाज चल रहा है। वहीं, लापरवाही बरतने पर डीसीपी साउथ ने रात्रि अधिकारी दरोगा विकास गौड़ व हेड कांस्टेबल अरविंद को निलंबित कर दिया है। जांच के निर्देश दिए हैं।

नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि इलाके की एक महिला के ससुर ने सरसौल के महोली निवासी आशीष द्विवेदी के खिलाफ शिकायत की थी। वह महिला का पूर्व परिचित हैं। आरोप है कि आशीष मोबाइल नंबर बदलकर महिला को फोन करके परेशान करता था। विरोध पर जान से मारने की धमकी देता। परेशान महिला ने इसकी जानकारी ससुर को दी। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी को दरोगा शिवम तोमर से पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह दिन में नहीं आया।

मंगलवार रात करीब 11 बजे अपने दोस्त सहज सिंह गौतम के साथ नशे की हालत में थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों से उलझने लगा। पुलिस उसे समझाया और वापस जाने को कहा, लेकिन वह पूछताछ पर अड़ा रहा। इस पर पुलिस ने दोनों को थाने में बैठा लिया। नशे में होने पर मेडिकल की तैयारी की जा रही थी, तभी आरोपी आशीष ने बाथरूम जाने को कहा। वहां पहुंचकर टायलेट क्लीनर उठाकर पी लिया। यह सिपाहियों ने देख लिया और टायलेट क्लीनर छीनने के बाद अधिकारियों को सूचना दी। तत्काल कांशीराम अस्पताल ले गए। जहां से डाक्टर ने उसे हैलट रेफर कर दिया। फिलहाल युवक आइसीयू में भर्ती है।

लापरवाही पर दरोगा और हेड कांस्टेबल निलंबित

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि महिला उत्पीड़न की शिकायत पर आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। वह दिन के बजाय रात में नशे की हालत में आया। थाने में टायलेट क्लीनर पीने की घटना में लापरवाही मिलने पर दरोगा व हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। पीड़िता के ससुर की तहरीर पर छेड़छाड़ व धमकाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

यह भी पढ़ेंः UP-Japan Investment Meet 2026: जापान के साथ यूपी की बड़ी साझेदारी, ग्रीन हाइड्रोजन-ऑटोमोबाइल समेत इन सेक्टरों पर नजर

संबंधित समाचार