उन्नाव में छात्रों का फूटा गुस्सा : सड़क पर उतरे सैकड़ों छात्र; खाना-पानी से लेकर शिक्षकों की कमी तक पर खोला मोर्चा

Amrit Vichar Network
On

विद्यालय की अव्यवस्थाओं को लेकर मोहान चौराहे पर छात्रों ने लगाया जाम

उन्नाव के हसनगंज स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के सैकड़ों छात्रों ने भोजन, शुद्ध पेयजल, प्रधानाचार्य के व्यवहार और शिक्षकों की कमी को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया। छात्रों ने मोहान चौराहे पर बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग जाम कर दिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

शुभम निगम, उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव जिले के हसनगंज के न्योतनी नगर पंचायत के बाहर स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के सैकड़ों छात्र बुधवार सुबह मोहान चौराहे पर पहुंच गए। छात्रों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण भोजन न मिलने, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था न होने, प्रधानाचार्य के व्यवहार और शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप लगा धरना देकर बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग जाम कर दिया।

छात्रों के प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर कोतवाली प्रभारी शरद कुमार, सीओ तेज बहादुर सिंह, अजगैन, सोहरामऊ व पुरवा सीओ अरविंद चौरसिया समेत समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

unnav

शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप

छात्रों का कहना था कि पर्याप्त शिक्षक न होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं भोजन और पेयजल की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है। अधिकारियों ने वार्ता कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन गुस्साए छात्रों ने उनकी बात नहीं मानी।

पिछले सत्र में कार्यरत सभी गेस्ट टीचरों (अतिथि शिक्षकों) को वर्तमान सत्र में भी निरंतर सेवा में रखने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। माननीय न्यायालय व शासन के निर्देशों के क्रम में यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे किसी भी विद्यालय में शिक्षकों की कमी नहीं रहेगी.., संजीव सिंह निदेशक समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश।

यह भी पढ़ें:-Hamirpur News: सड़क के लिए 'Gen Alpha' का जोरदार प्रदर्शन! पुलिस को चकमा देकर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण और छात्र, घंटों चला हंगामा

 

संबंधित समाचार