Hamirpur News: सड़क के लिए 'Gen Alpha' का जोरदार प्रदर्शन! पुलिस को चकमा देकर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण और छात्र, घंटों चला हंगामा
हमीरपुर के कुरारा क्षेत्र के बचरौली, भौली और जमरेहीतीर गांवों के ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने बदहाल सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। पुलिस ने जुलूस रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी गलियों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने करीब नौ किलोमीटर सड़क, पहाड़ी देव बाबा मंदिर के विकास और वृद्धाश्रम की मांग रखी।
हमीरपुर। हमीरपुर जिले के कुरारा विकासखंड के बचरौली, भौली और जमरेहीतीर गांवों में बदहाल सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीणों संग जेन अल्फा यानी स्कूली बच्चों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे चले प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
प्रदर्शन की सूचना पर कुरारा पुलिस ने सिटी फॉरेस्ट के पास जुलूस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पुलिस को चकमा देकर शहर की गलियों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गए।ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में गांवों से स्कूल तक जाने वाले रास्ते की हालत बेहद खराब हो जाती है।

कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई दिनों से ग्रामीण बच्चों के साथ मुख्यालय पहुंचकर सड़क निर्माण की मांग करने की तैयारी में जुटे थे। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टरों से स्कूली बच्चों और अभिभावकों को लेकर मुख्यालय के लिए रवाना हुए।
प्रदर्शनकारियों के कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही कुरारा पुलिस सक्रिय हो गई। सिटी फॉरेस्ट के पास पुलिस बल ने जुलूस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण और बच्चे मुख्य मार्ग से जाने के बजाय शहर की गलियों में प्रवेश कर गए। इसके बाद बेतवा तटबंध, खालेपुरा और किंग रोड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने करीब 1100 वर्ष प्राचीन सिद्ध मंदिर पहाड़ी देव बाबा शिव धाम मंदिर से मेन रोड स्थित बुद्धसिंह के खेत तक करीब दो किलोमीटर सड़क, बचरौली से गुमाई देवी मंदिर, गुसाईं बाबा मंदिर होते हुए भौली गिरधारी सिंह नारायण स्कूल तक करीब चार किलोमीटर सड़क तथा भौली से चंद्रभान सिंह के स्कूल होते हुए जमरेहीतीर तक करीब तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग उठाई। इसके अलावा पहाड़ी देव बाबा मंदिर के पर्यटन विभाग से निर्माण एवं वृद्धाश्रम की स्थापना की मांग भी की गई।
अधिकारियों ने सुनी समस्याएं, जांच टीम भेजने का आश्वासन
कलेक्ट्रेट में मौजूद एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, एएसपी एके वर्मा, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार और सीओ यशपाल सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की सड़क संबंधी समस्याओं की मौके पर जांच के लिए टीम भेजने का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें:-‘जापान लैंड ऑफ राइजिंग सन, यूपी लैंड ऑफ सूर्यवंश’, UP-Japan Investment Meet में CM योगी का बड़ा संदेश
