रामपुर में बजरंग दल नेता की संदिग्ध मौत पर बवाल, ASP अनुराग सिंह के निर्देश पर आदेश शंखधार मुकदमा दर्ज
रामपुर के मिलक में बजरंग दल के प्रखंड संयोजक सूरज पटेल का शव गांव के पास जंगल में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर शव को कोतवाली परिसर में रखकर प्रदर्शन किया। पत्नी की तहरीर पर आदेश शंखधार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
मिलक (रामपुर) अमृत विचार : कोतवाली मिलक क्षेत्र के लखीमपुर विष्णु गांव निवासी बजरंग दल के प्रखंड संयोजक सूरज पटेल का शव मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के निकट जंगल में पेड़ से लटका मिला। सूचना परिजन रोते-बिलखते जंगल पहुंचे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मामले में पुलिस ने आदेश शंखधार मुकदमा दर्ज किया है।
मृतक की मौत की खबर फैलते ही हिंदू संगठन के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों और हिंदू संगठन के लोगों ने मृतक सूरज पटेल का शव सीएचसी से कोतवाली मिलक परिसर में ले जाकर नारेबाजी शुरू कर दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि आदेश शंखधार ने सूरज से 10 लाख रुपये की मांग की थी। मांग पूरी न होने पर तुम्हारा घर बुलडोजर से तुड़वा दिया जाएगा की धमकी भी दी थी।
मृतक की पत्नी विनीता ने भी कई गंभीर आरोप लगाए और तहरीर दी। मामला बढ़ता देख अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के आदेश पर पुलिस ने मृतक की पत्नी विनीता की तहरीर पर आरोपी आदेश शंखधार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ेंः UP-Japan Investment Meet 2026: जापान के साथ यूपी की बड़ी साझेदारी, ग्रीन हाइड्रोजन-ऑटोमोबाइल समेत इन सेक्टरों पर नजर
