Chamoli Tunnel Tragedy: चमोली टनल हादसे में 7 की मौत, सामने आए मृतकों के नाम, 14 घायल
उत्तराखंड के चमोली जिले में पीपलकोटी की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुसने से सात मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में उत्तराखंड के अलावा बिहार और झारखंड के मजदूर शामिल हैं। हादसे में घायल 14 श्रमिकों का इलाज चल रहा है, जबकि दो श्रमिकों की तलाश को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुसने से हुए हादसे ने सात परिवारों को गहरा सदमा दिया है। हादसे में 7 मजदूरों की मौत हुई है, जबकि 14 अन्य घायल हैं। मृतकों की पहचान भी सामने आ गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम सामने आए
हादसे में मृतकों में टिहरी जिले के गेंवाल निवासी प्रदीप सिंह पवार, चमोली निवासी मुकेश, बिहार निवासी दुर्लभ शर्मा, झारखंड निवासी विजय और जितेंद्र कुमार शामिल हैं। इसके अलावा लोकेश्वर और भुनेश्वर के नाम भी मृतकों की सूची में बताए गए हैं। लोकेश्वर और भुनेश्वर से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
14 मजदूर घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
सुरंग हादसे में घायल 14 मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव निवासी सुनील दीवान, झारखंड के हाबिल गुड़िया, निस्तार भिंगरा, विनोद सावना, दीना बैगरा और खेला राम बिसरा, पंजाब के छब्बा सिंह, हिमाचल प्रदेश के तिलक राज, बिहार के चंदन कुमार, अवधेश, नंदलाल और रोहित पांडे तथा छत्तीसगढ़ के पेन सिंह और गोविंद शामिल हैं।
इनमें से गोविंद को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि रोहित पांडे को श्रीनगर रेफर किया गया है। अन्य घायल मजदूरों का इलाज गोपेश्वर जिला अस्पताल में चल रहा है।
https://twitter.com/pushkardhami/status/2088122318803575194?s=20
निर्माण कार्य के दौरान सुरंग में घुसा पानी
बताया गया कि सभी मजदूर सुरंग के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक सुरंग में पानी और मलबा घुस गया। देखते ही देखते कई मजदूर अंदर फंस गए और बचाव अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद सुरंग में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
सुरंग में फंसे थे 22 श्रमिक
हादसे के समय सुरंग के भीतर 22 श्रमिक मौजूद थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इनमें से 20 लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें छह लोगों को मृत घोषित किया गया, जबकि 14 घायल श्रमिकों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, बचे हुए दो श्रमिकों के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
मृतकों की संख्या बाद में बढ़कर सात बताई गई है।
THDC परियोजना स्थल पर हुआ हादसा
यह हादसा पीपलकोटी क्षेत्र में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (THDC) लिमिटेड की जलविद्युत परियोजना के निर्माण स्थल पर हुआ। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली के लिए रवाना हो गए हैं। वह घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की स्थिति और राहत-बचाव अभियान का जायजा लेंगे।
यह भी पढ़ेंः Chamoli Tunnel Tragedy: 7 मजदूरों की मौत, 3 अब भी लापता; मलबे-पानी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
