Hardoi News: हैंडपंप के पुर्जे खरीदकर लौट रहा था मजदूर; ट्रक में घुसी बाइक; मौके पर मौत, साथी गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हरदोई के कछौना में लखनऊ-पलिया हाईवे पर कटियामऊ के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खराब हैंडपंप के पुर्जे खरीदकर लौट रहे बाइक सवार दिहाड़ी मजदूर की आगे चल रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में लखनऊ-पलिया हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 42 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कछौना कोतवाली क्षेत्र के कटियामऊ के पास हुआ, जहां बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हैंडपंप के पुर्जे खरीदकर लौट रहा था मजदूर

जानकारी के अनुसार, कछौना कोतवाली क्षेत्र के लोन्हारा निवासी 42 वर्षीय मिथिलेश कुमार पुत्र भैय्यालाल एक फैक्ट्री में दिहाड़ी मजदूरी करता था। उसके घर का हैंडपंप खराब था।

गुरुवार को वह अपने साथी 38 वर्षीय विनोद पुत्र गयारी के साथ बाइक से हैंडपंप के कुछ पुर्जे खरीदने शहर गया था। देर शाम दोनों सामान लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे।

कटियामऊ के पास ट्रक से हुई जोरदार टक्कर

दोनों जब लखनऊ-पलिया हाईवे पर कटियामऊ के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिथिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में बाइक पर पीछे बैठे विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

चार भाइयों में सबसे बड़ा था मिथिलेश

मिथिलेश चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। वह पत्नी रूपरानी और चार बेटों शिवा, गौरव, आनंद और सौरभ का सहारा था।

अचानक हुए हादसे में परिवार के मुख्य सहारे की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। हादसे की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः Hardoi News: पाइप में उतरे करंट ने ली 12 साल के लकी की जान, घर का इकलौता चिराग था मासूम

संबंधित समाचार