Gonda News: झाड़ियों में बकरी को जकड़कर बैठा था अजगर, ग्रामीण पहुंचे तो मचा हड़कंप, देखें VIDEO

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गांव के पास कर्बला क्षेत्र में बकरी चराते समय अचानक विशालकाय अजगर ने एक बकरी को अपने शिकंजे में जकड़ लिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बकरी को छुड़ाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वन विभाग की टीम ने अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।

गोंडा, अमृत विचार: गांव के निकट कर्बला के पास शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घास-फूस की झाड़ियों में चर रही एक बकरी को विशालकाय अजगर ने जकड़ लिया। अजगर बकरी को अपना निवाला बनाने की कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद बकरी को उसके चंगुल से छुड़ा लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह रामू ने बताया कि गांव की कई महिलाएं गांव से करीब 200 मीटर दूर कर्बला के पास उगी झाड़ियों में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान एक बकरी झाड़ियों के बीच पहुंच गई। वहां छिपे विशालकाय अजगर ने उसे जकड़ लिया और अपने शरीर में लपेटकर कसने लगा।
बताया गया कि अजगर बकरी को झाड़ियों से घसीटते हुए सड़क किनारे तक ले आया। चरवाहों की नजर पड़ते ही शोर मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद अजगर के शिकंजे से बकरी को छुड़ा लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। वन रक्षक विकास शुक्ला के निर्देश पर वाचर विकास वर्मा और मनोज वर्मा मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से वन विभाग की टीम ने अजगर का रेस्क्यू कर उसे बोरे में सुरक्षित रखा और बाद में परास खाल जंगल क्षेत्र संख्या दो के बीच सुरक्षित छोड़ दिया।
वन रक्षक विकास शुक्ला ने बताया कि अजगर के लपेटे में आने के कारण बकरी की मौत हुई है। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है।

यह भी पढ़ेंः विभाजन की वो दर्दनाक यादें... PM मोदी ने किया भावुक स्मरण, बोले- लोगों ने पीड़ा से उबरकर देश को दी नई दिशा

संबंधित समाचार