14 August History : जब बंट गया था देश, 14 अगस्त को दर्ज हैं ये ऐतिहासिक घटनाएं; पढ़ें आज के दिन का इतिहास

Amrit Vichar Network
On

1947 में भारत से अलग हुआ पाकिस्तान, 2021 में केंद्र ने 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने का किया ऐलान

14 अगस्त भारत के इतिहास में विभाजन की त्रासदी की याद दिलाने वाली महत्वपूर्ण तारीख है। 1947 में इसी दिन पाकिस्तान अस्तित्व में आया था। वर्ष 2021 में केंद्र सरकार ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया। इसके अलावा इस तारीख पर देश-दुनिया में कई महत्वपूर्ण घटनाएं दर्ज हैं।

नई दिल्ली। इतिहास में 14 अगस्त की तारीख कई महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए दर्ज है। भारत के लिए यह दिन खास तौर पर विभाजन की त्रासदी की याद दिलाता है। 14 अगस्त 1947 को पाकिस्तान एक अलग राष्ट्र बना, जबकि 15 अगस्त को भारत स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अस्तित्व में आया। विभाजन के दौरान न केवल भारत और पाकिस्तान अलग हुए, बल्कि बंगाल का भी विभाजन हुआ। पूर्वी बंगाल पाकिस्तान का हिस्सा बना, जिसे बाद में 1971 में बांग्लादेश के रूप में स्वतंत्र राष्ट्र का दर्जा मिला।

देश के विभाजन ने लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया। परिवार बिछड़ गए, रिश्ते टूटे और बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। विभाजन की इसी त्रासदी की स्मृति में केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की।

14 अगस्त को इतिहास में दर्ज प्रमुख घटनाएं

1862: बंबई उच्च न्यायालय की स्थापना हुई।

1908: इंग्लैंड के फोकेस्टोन में पहली सौंदर्य प्रतियोगिता आयोजित की गई।

1917: चीन ने जर्मनी और ऑस्ट्रिया के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।

1938: बीबीसी की पहली फीचर फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ प्राग’ का टेलीविजन पर प्रसारण हुआ।

1947: भारत का विभाजन हुआ और पाकिस्तान एक पृथक राष्ट्र के रूप में अस्तित्व में आया।

1971: बहरीन ने 110 वर्षों के ब्रिटिश शासन से आजादी हासिल की।

2003: अमेरिका और कनाडा के पूर्वी हिस्सों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। न्यूयॉर्क और ओटावा जैसे बड़े शहर भी इससे प्रभावित हुए।

2006: संयुक्त राष्ट्र की पहल के बाद इजराइल और दक्षिणी लेबनान के बीच पांच सप्ताह से जारी संघर्ष थमा।

2006: इराक के कहतानिया में हुए बम विस्फोटों में करीब 400 लोगों की मौत हुई।

2013: मिस्र में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प में 638 लोगों की मौत हुई।

2021: केंद्र सरकार ने 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की।

2022: मिस्र की राजधानी काहिरा में एक चर्च में आग लगने से 41 लोगों की मौत हुई और 14 लोग झुलस गए।

2023: पूर्वी लद्दाख विवाद के समाधान को लेकर भारत और चीन के बीच सैन्य वार्ता हुई।

2024: नैतिक मूल्यों का पालन नहीं करने के मामले में थाईलैंड के प्रधानमंत्री को अदालत ने पद से हटा दिया।

संबंधित समाचार