Balrampur News : NH-730 पर कार-बाइक की भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत; हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुआ चालक

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बलरामपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पचपेड़वा थाना क्षेत्र के रामनगर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, टेढ़ी बाजार, बलरामपुर निवासी राजन सैनी (30) और जयप्रकाश सैनी (25) गुरुवार रात करीब 12 बजे बाइक से नौगढ़ (सिद्धार्थनगर) से बलरामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रामनगर चौराहे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार संख्या UP-32 NB-1420 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद राजन सैनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में जयप्रकाश सैनी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान जयप्रकाश की भी मौत हो गई।

हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुए सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार सड़क किनारे पलट गई थी। कार में सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फरार चालक और अन्य सवारों की तलाश शुरू कर दी है।

दो मौतों से परिवारों में मचा कोहराम

एक ही हादसे में दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घरों में मातम छा गया और मोहल्ले में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने रामनगर चौराहे पर बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर करने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े : 
Sultanpur News: बेदूपारा बाईपास पर वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत, चाय-नाश्ते के बाद ट्रक पर चढ़ते समय हुआ हादसा

 

 

संबंधित समाचार