Sultanpur News: बेदूपारा बाईपास पर वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत, चाय-नाश्ते के बाद ट्रक पर चढ़ते समय हुआ हादसा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सुलतानपुर। सुलतानपुर के लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। बेदूपारा बाईपास के पास अज्ञात वाहन ने ट्रक चालक को उस समय टक्कर मार दी, जब वह चाय-नाश्ता करने के बाद अपने ट्रक पर चढ़ने जा रहा था। हादसे के बाद चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौके पर मौत 

जानकारी के मुताबिक, मृतक ट्रक चालक रामबाबू (35) पुत्र मुन्नू लाल, ग्राम रामनगर, थाना व तहसील मलौली, जनपद बाराबंकी का निवासी था। वह ट्रक लेकर वाराणसी की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के बेदूपारा बाईपास के पास वह चाय-नाश्ता करने के लिए रुका था। कुछ देर बाद जब वह वापस अपने ट्रक पर चढ़ने के लिए सड़क किनारे जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जांच में जुटी पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही लम्भुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े : 
Unnao News: किन्नर के घर में देर रात हथियारबंद बदमाशों का धावा, बंधक बनाकर लूटपाट और मारपीट; CCTV का DVR भी ले गए

संबंधित समाचार