एग्रीकल्चर डिग्री के बाद सरकारी सेक्टर में करियर की अपार संभावनाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कृषि आज केवल खेतों तक सीमित विषय नहीं रह गई है। आधुनिक तकनीक, बैंकिंग, ग्रामीण विकास, कृषि अनुसंधान और सरकारी योजनाओं के विस्तार ने इस क्षेत्र में रोजगार के नए द्वार खोल दिए हैं। यही वजह है कि बीएससी एग्रीकल्चर और एमएससी एग्रीकल्चर करने वाले युवाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में करियर की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यदि सही दिशा में तैयारी की जाए तो बैंक, अनुसंधान संस्थान, कृषि विभाग और सार्वजनिक उपक्रमों में प्रतिष्ठित पद हासिल किए जा सकते हैं। अच्छी सैलरी, नौकरी की सुरक्षा, पदोन्नति के अवसर और किसानों के साथ सीधे जुड़कर देश के विकास में योगदान देने का अवसर इस क्षेत्र को और भी आकर्षक बनाता है।

बैंकिंग सेक्टर में एएफओ का शानदार विकल्प

agriculture degree

कृषि स्नातकों के लिए बैंकिंग क्षेत्र सबसे लोकप्रिय करियर विकल्पों में से एक है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सिलेक्शन (आईबीपीएस) द्वारा आयोजित एग्रीकल्चर फील्ड ऑफिसर (एएफओ) भर्ती के माध्यम से विभिन्न सरकारी बैंकों में नियुक्ति की जाती है। इस पद पर कार्यरत अधिकारी किसानों को कृषि ऋण, फसल बीमा, सरकारी योजनाओं और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने का काम करते हैं। बेहतर वेतन, नियमित पदोन्नति और स्थिर करियर के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस परीक्षा की तैयारी करते हैं।

नाबार्ड में अधिकारी बनने का अवसर

यदि आप कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नीति निर्माण और वित्तीय योजनाओं से जुड़ना चाहते हैं, तो नाबार्ड का ग्रेड ए अधिकारी का बेहतरीन विकल्प है। इस पद पर चयनित अधिकारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि वित्त, सहकारी संस्थाओं और विकास परियोजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी संभालते हैं। आकर्षक वेतन, भत्ते और उत्कृष्ट करियर ग्रोथ इसे कृषि क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित नौकरियों में शामिल करते हैं।

राज्य कृषि विभाग में एडीओ और एएओ

agriculture degree (2)

लगभग सभी राज्य सरकारें समय-समय पर एग्रीकल्चर डेवलेपमेंट ऑफिसर (एडीओ) और एसिस्टेंट एग्रीकल्चर ऑफिसर (एएओ) के पदों पर भर्ती करती हैं। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, उन्नत कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार करना, फसलों की गुणवत्ता सुधारने में मार्गदर्शन देना और कृषि विकास कार्यक्रमों की निगरानी करना होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह एक उत्कृष्ट विकल्प माना जाता है।

ICAR और ASRB के माध्यम से रिसर्च में करियर

जिन विद्यार्थियों की रुचि अनुसंधान और वैज्ञानिक कार्यों में है, उनके लिए Indian Council of Agricultural Research (ICAR) तथा Agricultural Scientists Recruitment Board (ASRB) शानदार अवसर प्रदान करते हैं। इन संस्थानों में वैज्ञानिक बनने के लिए सामान्यतः एमएससी एग्रीकल्चर या पीएचडी की आवश्यकता होती है। यहां नई कृषि तकनीकों का विकास, उन्नत बीजों पर शोध, फसल उत्पादन बढ़ाने और कृषि संबंधी नई चुनौतियों के समाधान पर कार्य किया जाता है।

एफसीआई, एनएससी और अन्य सरकारी संस्थानों में अवसर

कृषि स्नातकों के लिए फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई), नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन तथा विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय कृषि संस्थानों में भी नियमित रूप से भर्तियां निकलती रहती हैं। यहां टेक्निकल ऑफिसर, क्वालिटी कंट्रोलर, सीड ऑफिसर और अन्य तकनीकी पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं। इन नौकरियों में तकनीकी ज्ञान के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभाने का अवसर मिलता है।

तैयारी की सही रणनीति

सरकारी नौकरी का लक्ष्य रखने वाले विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष से ही तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। वैंक एएफओ, नाबार्ड, राज्य लोक सेवा आयोग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के सिलेबस का अध्ययन करें। कृषि विषयों की मजबूत समझ के साथ सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स, रीजनिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी नियमित रूप से अपडेट करते रहें। लगातार अभ्यास और मॉक टेस्ट सफलता की संभावना को काफी बढ़ा देते हैं।

 

 

 

 

संबंधित समाचार