Unnao News: किन्नर के घर में देर रात हथियारबंद बदमाशों का धावा, बंधक बनाकर लूटपाट और मारपीट; CCTV का DVR भी ले गए
उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र में देर रात वारदात, किन्नर और ड्राइवर को बंधक बनाकर नगदी, जेवरात व बाइक लूटी; साक्ष्य मिटाने के लिए CCTV का DVR भी ले गए
उन्नाव के गंगाघाट में किन्नर के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर नगदी, जेवरात और बाइक लूट ली। जाते समय आरोपी CCTV का DVR भी साथ ले गए। पुलिस जांच में जुटी है।
उन्नाव। उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक किन्नर के घर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने किन्नर और उसके ड्राइवर को बंधक बनाकर मारपीट की, फिर नगदी, जेवरात और बाइक लूटकर फरार हो गए। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र की जाजमऊ चौकी के अंतर्गत डकारी गांव स्थित शास्त्री नगर निवासी वैशाली किन्नर के घर शुक्रवार देर रात करीब दो बजे तीन से चार बदमाश बाइक से पहुंचे। आरोपियों ने घर के पीछे खाली प्लॉट की ओर से सीढ़ी लगाकर दीवार फांदी और घर के अंदर दाखिल हो गए।

घर में घुसते ही बदमाशों ने असलहों के बल पर वैशाली और उसके ड्राइवर को बंधक बना लिया। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट करते हुए घर में रखी नगदी और जेवरात लूट लिए। आरोप है कि बदमाश एक बाइक भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए, ताकि उनके खिलाफ कोई साक्ष्य न मिल सके।
मौके पर पहुंचे एसएसपी, जल्द खुलासे के निर्देश
.jpg)
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद एसएसपी जयप्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। शनिवार सुबह पुलिस ने वैशाली को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया, जहां सीओ सिटी विनी सिंह ने घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
