Ayodhya News: 15 अगस्त को अयोध्या पुलिस के सामने तीन बड़ी जिम्मेदारियां, स्वतंत्रता दिवस, मणि पर्वत मेला और परमहंस दास पुण्यतिथि पर रहेगा हाई अलर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

15 अगस्त को अयोध्या में स्वतंत्रता दिवस समारोह, सावन झूला मेले के तहत मणि पर्वत मेले का आयोजन और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संत स्व. रामचंद्र परमहंस दास की पुण्यतिथि एक ही दिन पड़ रही है। संभावित वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं।

अयोध्या, अमृत विचारः इस साल15 अगस्त अयोध्या पुलिस और प्रशासन के लिए सुरक्षा प्रबंधन की दृष्टि से बेहद अहम रहने वाला है। एक ही दिन स्वतंत्रता दिवस, सावन झूला मेले के प्रथम दिन मणि पर्वत मेले का आयोजन और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संत स्व. रामचंद्र परमहंस दास की पुण्यतिथि होने से पुलिस को एक साथ तीन बड़े आयोजनों की सुरक्षा संभालनी होगी।

इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।

मणि पर्वत मेले के साथ शुरू होगा झूलनोत्सव

15 अगस्त से सावन झूला मेले का शुभारंभ होगा। इसी दिन आयोजित होने वाले मणि पर्वत मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

परमहंस दास की पुण्यतिथि पर संभावित वीआईपी मूवमेंट

इसी दिन राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संत स्व. रामचंद्र परमहंस दास की पुण्यतिथि भी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्व. परमहंस दास से विशेष जुड़ाव रहा है। उनके गुरु महंत स्व. अवैद्यनाथ और स्व. रामचंद्र परमहंस दास गुरु भाई थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पूर्व वर्षों में श्रद्धांजलि सभा में शामिल होते रहे हैं।

हालांकि, इस वर्ष उनके दौरे को लेकर अभी कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन पूर्व वर्षों की परंपरा को देखते हुए उनके अयोध्या आने की संभावना जताई जा रही है।

तीनों आयोजनों के लिए सुरक्षा प्लान तैयार

एक ही दिन तीन महत्वपूर्ण आयोजनों के चलते पुलिस को—

  • स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा
  • मणि पर्वत मेले में भीड़ नियंत्रण
  • संभावित वीआईपी मूवमेंट की व्यवस्था

पर एक साथ फोकस करना होगा।

मेला सुरक्षा अधिकारी एवं एसपी सिटी चक्रपाणि के अनुसार पुलिस और प्रशासन ने सभी आयोजनों के लिए सुरक्षा योजना तैयार कर ली है और कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी पूरी की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः Ayodhya News: कैंटोनमेंट बोर्ड में रिश्वतखोरी पर CBI का बड़ा एक्शन, सहायक सफाई निरीक्षक 60 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

संबंधित समाचार