राम मंदिर चढ़ावा चोरी मुद्दे पर राज्यसभा में हंगामा, विपक्ष के विरोध के बाद कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
विपक्ष ने नियम 267 के तहत चर्चा की मांग की, नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
विपक्ष ने नियम 267 के तहत चर्चा की मांग की, सभापति ने नोटिस स्वीकार करने से किया इनकार; शोर-शराबे के बीच नहीं चल सका शून्यकाल
दिल्ली। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी और आखिरकार इसे दिनभर के लिए स्थगित करना पड़ा। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने नियम 267 के तहत कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिए जाने की बात कही।
सभापति ने नियम 267 का नोटिस स्वीकार करने से किया इनकार
राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने विपक्ष के नोटिस पर कहा कि नियम 267 के तहत नोटिस स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले ही व्यवस्था दी जा चुकी है। सभापति ने सदस्यों से अपील की कि वे दूसरों की बात भी सुनें और सदन की कार्यवाही चलने दें। हंगामे के बीच सभापति ने शून्यकाल की कार्यवाही शुरू करने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी जारी रही। इस दौरान कुछ सदस्यों ने अपने मुद्दे उठाए, लेकिन शोर-शराबे के कारण उनकी बात स्पष्ट रूप से नहीं सुनी जा सकी।
शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर साधा निशाना
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष संसद की गरिमा को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संविधान और सदन की मर्यादा को तोड़कर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता विपक्ष के इस रवैये को स्वीकार नहीं करेगी।
नारेबाजी के बीच सभापति ने स्थगित की कार्यवाही
विपक्षी सदस्य आसन के पास पहुंचकर लगातार सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। सभापति ने कई बार सदस्यों से शांत रहने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा। इसके बाद सभापति ने राज्यसभा की कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया। हंगामे के चलते लोक महत्व के मुद्दों से जुड़े शून्यकाल की कार्यवाही भी प्रभावित रही।
ये भी पढ़ें :
Bhiwandi Building Collapse : भिवंडी में चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, 7 लोगों की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
